Pension: रक्षा मंत्रालय ने डिफेंस पेंशनर्स को मासिक पेंशन नियमित रूप से पाने के लिए आज 25 मई तक अपना एक काम निपटाने के लिए कहा है। अगर पेंशनर्स ने अपनी वार्षिक पहचान/जीवन प्रमाण (annual identification) को पूरा नहीं किया, तो उनकी पेंशन अटक सकती है। हालांकि, ऐसी खबरें आ रही है कि ये डेडलाइन बढ़ सकती है क्योंकि मंगलवार तक 36,730 स्पर्श पेंशनभोगियों ने अपने जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं किए थे।
मंत्रालय के अनुसार अब तक मिले आंकड़ों में पाया गया कि 43,774 डिफेंस पेंशनर्स ने ऑनलाइन सिस्टम SPARSH में माइग्रेट कर लिया है, लेकिन अभी तक उन्होंने वार्षिक पहचान/जीवन प्रमाण (annual identification) को पूरा नहीं किया है। कल मंगलवार तक 36,730 स्पर्श पेंशनभोगियों ने अपने जीवन प्रमाण पत्र को जमा नहीं किया था। यही कारण है कि सरकार इस डेडलाइन को बढ़ाकर 26 जून करने का प्लान कर रही है। हालांकि, इस पर कोई घोषणा अभी नहीं की गई है।
25 मई तक देनी है सालाना पहचान
केंद्र सरकार के तहत आने वाले रक्षा मंत्रालय ने पेंशन लेने वाले पेंशनर्स को कहा है कि वह 25 मई तक सालाना पहचान यानी जीवन प्रमाण को पूरा कर दें। ताकि, वह बगैर रुकावट पेंशन पा सकें।
अभी तक कर रहे हैं पुराने तरीके का इस्तेमाल
इसके अलावा पुराने पेंशनभोगी (2016 से पहले रिटायर) पेंशन की पुरानी प्रणाली पर बने हुए हैं। उन्हें भी बताया गया है कि उन्होंने किसी भी माध्यम से अपनी वार्षिक पहचान पूरी नहीं की है। ऐसे करीब 1.2 लाख पेंशनर्स हैं।
ऐसे कर सकते हैं सालाना पहचान
- मोबाइल यूजर डिजिटल जीवन प्रमाण ऑनलाइन/जीवन प्रमाण फेस ऐप के जरिये कर सकते हैं।
- पेंशनर्स सालाना पहचान पूरी करने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) जा सकते हैं। अपने एरिया के पास सीएससी यहां https: //findmycsc.nic.in/ देख सकते हैं।
- पेंशनर्स जीवन प्रमाण को अपडेट करने के लिए अपने निकटतम DPDO भी जा सकते हैं। पुराने पेंशनर्स अपने बैंक के पास जीवन प्रमाण को अपडेट कराने के लिए जा सकते हैं।