Tomato Price: पिछले कुछ दिनों से टमाटर की कीमतें समान छू रही थीं। अब केंद्र सरकार ने इस पर बड़ी राहत दी है। केंद्र सरकार ने आज यानी 16 जुलाई से देश के कई शहरों में 80 रुपये प्रति किलो के हिसाब से टमाटर बेचने का फैसला किया है। सरकार के इस फैसले से टमाटर की एंट्री फिर से किचन में होने लगी है। बता दें कि देश में टमाटर 250 रुपये प्रति किलो पहुंच गए थे। हालांकि पिछले कुछ दिनों से कीमतों में गिरावट आनी शुरू हो गई थी। आसमान छूती कीमतों के बीच केंद्र सरकार सब्सिडी के तहत 90 रुपये प्रति किलो के भाव पर टमाटर बेच रही थी।
14 जुलाई को, केंद्र सरकार मोबाइल वैन के जरिए दिल्ली-NCE में 90 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर टमाटर बेचना शुरू किया। 15 जुलाई को इसकी बिक्री कुछ शहरों में शुरू की गई। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय का कहना है कि देश में कई जगहों पर टमाटर की कीमतें आसमान छू रही थीं। सरकार ने टमाटर के दाम को कम करने की कोशिश की। जिससे टमाटर के थोक कीमतों में कमी आई है।
इन शहरों में मिल रहा है सस्ता टमाटर
देश भर में 500 से अधिक प्वाइंटों पर स्थिति का दोबारा आकलन करने के बाद आज यानी 16 जुलाई 2023 से इसे 80 रुपये प्रति किलोग्राम बेचने का निर्णय लिया गया है। NAFED और NCCF के जरिए दिल्ली नोएडा, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, पटना, मुजफ्फरपुर और आरा में कई प्वाइंटों पर आज से बिक्री शुरू हो गई है। ऐसी जगहों पर मौजूदा बाजार कीमतों के आधार पर कल से इसका विस्तार और शहरों में किया जाएगा। केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने एक ट्वीट में कहा कि दिल्ली और नोएडा के कई हिस्सों के अलावा लखनऊ, पटना और मुजफ्फरपुर में रियायती दरों पर टमाटर की बिक्री आज से शुरू हो गई है।
यहां से खरीदें 80 रुपये प्रति किलो टमाटर
नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NCCF) ने सरकार की गाइडलाइंस के तहत महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से टमाटर खरीदे हैं। फिर ओखला और नेहरू प्लेस जैसे एरिया में रिटेल आउटलेट्स लगा दिए हैं। दिल्ली-NCR में 20 से अधिक मोबाइल वैन की भी तैनाती की गई है। टमाटर पर छाई महंगाई से छुटकारा दिलाने के लिए सरकार समय-समय पर काम कर रही है। पिछले करीब डेढ़ महीने से टमाटर की कीमतें देश में सुर्खियां बटोर रही हैं।