Tomato Price Hike: केंद्र सरकार (Centra Government) ने आम जनता को राहत देते हुए सब्सिडी वाले टमाटर (Subsidised Tomatoes) की कीमत 80 रुपए प्रति किलोग्राम से घटाकर 70 रुपए प्रति किलोग्राम कर दी है। ये फैसला गुरुवार से लागू किया गया है। केंद्र भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (NCCF) और भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (NAFED) के माध्यम से दिल्ली-NCR और कुछ अन्य प्रमुख शहरों में लोगों को 80 रुपए प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर टमाटर बेच रहा है।
टमाटर का ऑल इंडिया एवरेज रिटेल प्राइस लगभग 120 रुपए प्रति किलोग्राम है। हालांकि, कुछ जगहों पर रसोई की प्रमुख चीजों 245 रुपए प्रति किलोग्राम तक बिक रही है। राष्ट्रीय राजधानी में रेट घटकर 120 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गया है।
एक सरकारी बयान में कहा गया, "उपभोक्ता मामलों के विभाग ने टमाटर की कीमतों में कमी के रुझान को देखते हुए NCCF और NAFED को 20 जुलाई, 2023 से 70 रुपए प्रति किलोग्राम की खुदरा कीमत पर टमाटर बेचने का निर्देश दिया है।"
इसमें कहा गया, "शुरू में NCCF और NAFED की तरफ से खरीदे गए टमाटरों की खुदरा बिक्री 90/- रुपए प्रति किलोग्राम पर गई थी। फिर 16 जुलाई, 2023 से इसे घटाकर 80/- रुपए प्रति किलोग्राम कर दिया गया था। अब टमाटरों की कीमत के घटकर 70/- रुपए प्रति किलोग्राम हो जाने से उपभोक्ताओं को और भी लाभ होगा।"
सरकार के निर्देश पर, NCCF और NAFED ने प्रमुख उपभोग केंद्रों में एक साथ निपटान के लिए आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की मंडियों से टमाटर की खरीद शुरू की थी, जहां खुदरा कीमतों में पिछले एक महीने में अधिकतम बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बयान में आगे कहा गया, " दिल्ली-NCR में टमाटर की खुदरा बिक्री 14 जुलाई, 2023 से शुरू की गई थी। 18 जुलाई, 2023 तक दोनों एजेंसियों की तरफ से कुल 391 मीट्रिक टन टमाटर की खरीद की गई थी, जिनका दिल्ली-NCR, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के खुदरा उपभोक्ताओं के लिए प्रमुख उपभोग केंद्रों में लगातार निपटान किया जा रहा है।"
उपभोक्ता मामले विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को टमाटर की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 119.29 रुपए प्रति किलोग्राम है।
अधिकतम खुदरा मूल्य 245 रुपए प्रति किलोग्राम है, जबकि न्यूनतम खुदरा मूल्य 40 रुपए प्रति किलोग्राम और मॉडल कीमत 120 रुपए प्रति किलोग्राम है।
राष्ट्रीय राजधानी के खुदरा बाजारों में टमाटर की कीमतें रविवार के 178 रुपए प्रति किलोग्राम से घटकर गुरुवार को औसतन 120 रुपए प्रति किलोग्राम रह गईं।
दूसरे महानगरों में, मुंबई में टमाटर 155 रुपए प्रति किलोग्राम, चेन्नई में 132 रुपए प्रति किलोग्राम और कोलकाता में 143 रुपए प्रति किलोग्राम पर बिक रहा था।
टमाटर की कीमतें आम तौर पर जुलाई-अगस्त और अक्टूबर-नवंबर की अवधि के दौरान बढ़ती हैं, जो आम तौर पर कम उत्पादन वाले महीने होते हैं। मानसून के कारण सप्लाई में रुकावट के कारण टमाटर की दरों में भारी बढ़ोतरी हुई है।