एयर इंडिया में विस्तारा के विलय का असर इसकी सेवाओं पर पड़ेगा। विस्तारा ने इस बारे में 30 अगस्त को बड़ा ऐलान किया। उसने कहा कि वह अपनी आखिरी फ्लाइट 11 नवंबर को ऑपरेट करेगी। उसके बाद विस्तारा की सभी फ्लाइट्स एयर इंडिया ऑपरेट करेगी। विस्तारा के रूट्स के लिए की गई सभी बुकिंग्स की जानकारी एयर इंडिया की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
12 नवंबर और उसके बाद की बुकिंग स्वीकार नहीं करेगी कंपनी
ग्राहक 3 सितंबर से 12 नवंबर, 2024 को या उसके बाद के ट्रैवल के लिए विस्तारा (Vistara) की फ्लाइट्स की बुकिंग नहीं कर सकेंगे। विस्तारा 11 नवंबर, 2024 तक की फ्लाइट्स के लिए बुकिंग स्वीकार करेगी और फ्लाइट्स भी ऑपरेट करेगी। Vistara के सीईओ विनोद कानन ने कहा, "हम बीते 10 सालों में ग्राहकों से मिले सहयोग के लिए उनके आभारी हैं। जैसा की हम ग्रोथ के अपने सफर में आगे बढ़ रहे हैं हम यह बताना चाहते हैं कि इस विलय का मकसद उन्हें बड़ी फ्लीट और व्यापक नेटवर्क के साथ ज्यादा विकल्प उपलब्ध कराना है। इससे कुल ट्रेवल एक्सपीरियंस बेहतर होगा।"
विलय की प्रक्रिया बगैर किसी रुकावट के पूरी होगी
उन्होंने कहा कि विस्तारा और एयर इंडिया इस ट्रांजिशन को बगैर किसी रुकावट को पूरा करने को लेकर प्रतिबद्ध है। हम इस नए चरण को लेकर उत्साहित हैं और एयर इंडिया के रूप में एक बार फिर से अपने ग्राहकों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। उधर, Air India के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन ने कहा कि एयर इंडिया और विस्तारा की टीमें इस बदलाव को पूरा करने के लिए पिछले कई महीनों से मिलकर काम कर रही हैं।
ग्राहकों को कंपनी की वेबसाइट्स और सोशल मीडिया चैनल से मिलेगी जानकारी
विस्तारा ने अपने बयान में कहा है, "विलय की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ रेगुलेट अपडेट्स के बारे में ग्राहकों को विस्तारा और एयर इंडिया की वेबसाइट और सोशल मीडिया चैनल्स के जरिए अवगत कराया जाएगा। उन्हें ईमेल के जरिए भी इस बारे में जानकारी दी जाएगी। इसमें वेब चेक-इन, लॉउन्ज एक्सेस, एंसिलियरी सर्विसेज और दूसरी सभी जानकारियां शामिल होंगी।"
यह भी पढ़ें: Bank Holidays in September: सितंबर में 15 दिन बंद रहेंगे बैंक, चेक करें RBI की छुट्टियों की लिस्ट
एफडीआई के लिए सरकार की मिली इजाजत
सिंगापुर एयरलाइंस ने 30 अगस्त को कहा कि उसे प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के लिए इंडियन गवर्नमेंट की इजाजत मिल गई है। इससे विस्तारा एयरलाइन के विलय के रास्ते की बड़ी बाधा खत्म हो गई है। विस्तारा सिंगापुर एयरलाइंस और टाटा की एयर इंडिया की ज्वाइंट वेंचर थी। सिंगापुर एयरलाइंस ने नवंबर 2022 में विस्तारा इंडिया और टाटा की एयर इंडिया का विलय करने का ऐलान किया था। इसका मकसद घरेलू और इंटरनेशनल मार्केट्स के लिए फुल सर्विस एयरलाइन पेश करना था।