पिछले कुछ वक्त में ऑनलाइन फ्रॉड की घटनाएं काफी तेजी से बढ़ी हैं। जालसाज आधार-सक्षम भुगतान प्रणाली (EPS) के जरिए बैंक खातों से पैसे निकालने के लिए नकली आधार कार्ड या चोरी हुए आधार नंबर का इस्तेमाल करते हैं। कुछ मामलों में वे बिना ओटीपी के भी लोगों के खातों से पैसों को उड़ा लेते हैं। ऐसे में आपको अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने के लिए इस तरह के फ्रॉड के बारे में जानना भी जरूरी हो जाता है। आम तौर पर धोखाधड़ी को आधार डिटेल्स में छेड़ छाड़ करके और लोगों के पास फर्जी कॉल्स, SMS, और ऑनलाइन लिंक भेज कर अंजाम दिया जाता है। ऐसे में आप अपने आधार को बयोमैट्रिक लॉक करके इस तरह के फ्रॉड से खुद को सेफ रख सकते हैं।
किन स्थितियों में किया जा सकता है Aadhaar Card को लॉक
अगर आपका आधार कार्ड कहीं पर खो गया है या फिर चोरी भी हो गया तो ऐसी स्थिति में आप उसे सुरक्षित रखने के लिए उसे अस्थाई रूप से बायोमैट्रिक तरीके से लॉक कर सकते हैं। अगर आपको ऐसा लगता है कि आपके बायोमैट्रिक्स से किसी भी तरह की छेड़-छाड़ हो रही है तो उस स्थिति में भी आप अपने आधार को बायोमैट्रिक्स तरीके से लॉक कर सकते हैं। इसके अलावा आप अपने आधार कार्ड के डेटा को सेफ रखने के लिए भी उसे बायोमैट्रिक्स तरीके से लॉक कर सकते हैं।
क्या है Aadhaar बायोमैट्रिक्स लॉकिंग
बायोमेट्रिक लॉकिंग या अनलॉकिंग एक ऐसी सर्विस है जो आधार धारक को अपने बायोमेट्रिक्स को लॉक और अस्थायी रूप से अनलॉक करने की मंजूरी देता है। इस सुविधा को बायोमेट्रिक्स डेटा की गोपनीयता के लिए यूज किया जाता है। बायोमेट्रिक तौर-तरीकों के रूप में फिंगरप्रिंट, आईरिस और चेहरे को लॉक कर दिया जाएगा और बायोमेट्रिक लॉकिंग के बाद, आधार धारक बायोमेट्रिक तौर-तरीकों का इस्तेमाल करके आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कर पाएगा।
बायोमेट्रिक के बाद क्या हो सकता है
लॉक्ड बायोमेट्रिक्स यह बताता है कि आधार धारक ऑथेंटिकेशन के लिए बायोमेट्रिक्स यानी कि फिंगरप्रिंट या आईरिस या चेहरे का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। यह किसी भी तरह के बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन को रोकने के लिए एक सुरक्षा सुविधा है। इससे यह भी तय हो जाता है कि कोई और भी आपके आधार के जरिए बायोमैट्रिक्स ऑथेंटिकेशन नहीं कर सकता है।
अगर आपको अपना बायोमैट्रिक्स दोबारा से अनलॉक करना है तो आप इसे UIDAI वेबसाइट, नॉमिनेशन सेंटर या आधार सर्विस सेंटर पर जाकर एम आधार के जरिए उसे अनलॉक कराया जा सकता है। इस सर्विस का इस्तेमाल करने के लिए आपके पास रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का होना भी बेहद ज्यादा जरूरी है। अगर आपका मोबाइल नंबर आधार के साथ रजिस्टर्ड नहीं है तो आपको सबसे पहले इसे रजिस्टर्ड कराना होगा।
आधार बायोमेट्रिक्स को कैसे लॉक करें?
अपने आधार बायोमेट्रिक्स को लॉक करने के लिए आप mAadhaar ऐप या UIDAI वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं। एक बार जब आपका बायोमेट्रिक्स लॉक हो जाता है, तो आप उन्हें आधार ऑथेंटिकेशन के लिए तब तक इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे जब तक आप उन्हें अनलॉक नहीं कर देते।
आधार बायोमेट्रिक्स को ऑनलाइन कैसे लॉक करें?
सबसे पहले UIDAI की वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद 'MY Aadhaar' टैब पर क्लिक करें और 'Aadhaar Servicess' के तहत, 'Aadhaar Lock/Unlock' पर क्लिक करें। इसके बाद आधार नंबर या VID दर्ज करें। कैप्चा दर्ज करें और सेंड ओटीपी पर क्लिक करें। स्क्रीन पर दिखाई चार अंकों का सुरक्षा कोड दर्ज करने के बाद 'इनेबल' बटन पर क्लिक करें।