Zomato hikes delivery fee: ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो (Zomato) ने अपने यूजर्स से ली जाने वाली फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म फीस में प्रति ऑर्डर 2.40 रुपये की बढ़ोतरी की है। फ़ूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म कंपनी के ऐप पर शुक्रवार (20 मार्च) को यह जानकारी दी गई। अब प्लेटफॉर्म फीस GST से पहले के आधार पर प्रति ऑर्डर 14.90 रुपये हो गई है, जो पहले 12.50 रुपये थी। टैक्स शामिल करने के बाद Zomato की प्रतिद्वंद्वी कंपनी Swiggy फिलहाल प्रति ऑर्डर 14.99 रुपये की प्लेटफॉर्म फीस ले रही है।
आम तौर पर इस तरह के शुल्कों के मामले में दोनों कंपनियां एक जैसी ही कीमतें रखने का चलन अपनाती हैं। इससे पहले सितंबर 2025 में भी इसी तरह की बढ़ोतरी की गई थी। मिडिल ईस्ट में जारी टेंशन के बीच Zomato ने ये बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह एक अतिरिक्त फीसदी है जो रेस्तरां शुल्क, डिलीवरी शुल्क और GST से अलग होगा।
नई प्लेटफॉर्म फीस आज यानी 20 मार्च से ही लागू होगी। बता दें कि यह बढ़ोतरी मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच किया गया है। LPG की सप्लाई बाधित होने से देश भर में होटल और रेस्टोरेंट बिजनेस प्रभावित हुई है। ऐसे में सरकार ने घरेलू स्तर पर कमर्शियल LPG सिलेंडर को रोककर घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति बढ़ाई है।
यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब फ़ूड डिलीवरी के क्षेत्र में हर रोज नए-नए बदलाव देखने को मिल रहे हैं। अर्बन मोबिलिटी स्टार्टअप Rapido ने हाल ही में कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में अपनी फ़ूड डिलीवरी सर्विस Ownly शुरू की है। कंपनी ने कहा है कि वह डिलीवरी फीस के अलावा ग्राहकों या रेस्टोरेंट से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लेगी।
Rapido के इस कदम से मौजूदा ऑनलाइन कंपनियों पर कुछ दबाव पड़ सकता है। खासकर तब जब ग्राहक फूड डिलीवरी ऑर्डर में जोड़े जाने वाले कई तरह के शुल्कों को लेकर लगातार चिंता जता रहे हैं। प्लेटफॉर्म फीस में यह बढ़ोतरी कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच भी हुई है।
ताजा बढ़ोतरी ईंधन की ज्यादा लागत डिलीवरी के काम पर असर डाल सकती है। इससे प्लेटफॉर्म से जुड़े रेस्टोरेंट और डिलीवरी पार्टनर दोनों ही प्रभावित हो सकते हैं। यूजर्स के लिए इस बदलाव का मतलब है कि हर ऑर्डर पर कुल बिल ज्यादा आएगा, भले ही इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा लगातार बदल रही हो।
पेट्रोल की कीमतों में भी इजाफा
इस बीच, तेल मार्केटिंग कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, भारत में 20 मार्च, 2026 से प्रीमियम पेट्रोल 2.35 रुपये तक महंगा हो गया है। BPCL के Speed, HPCL के Power और IOCL के XP95 की कीमतें 2.09 रुपये से 2.35 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ गई हैं। हालांकि, फिलहाल रेगुलर पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।