Credit Card: मैं क्रेडिट कार्ड बनवाना चाहता हूं, क्या इसके इस्तेमाल से मैं कर्ज के जाल में फंस सकता हूं?

क्रेडिट कार्ड के जरिए किया गया खर्च एक तरह से पैसे उधार लेने की तरह है। पहले आप क्रेडिट कार्ड से खर्च करते हैं फिर कुछ समय बाद बिल का पेमेंट कर देते हैं। अगर आप क्रेडिट कार्ड से उतना ही खर्च करते हैं जितने का पेमेंट आप आसानी से कर दें तो फिर यह आपके लिए उपयोगी है

अपडेटेड Mar 21, 2026 पर 4:27 PM
Story continues below Advertisement
एक्सपर्ट्स का कहना है कि समस्या क्रेडिट कार्ड में नहीं है बल्कि इसके इस्तेमाल के तरीके में है।

क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल आज आम बात हो गई है। खासकर बड़े शहरों में रहने वाले लोगों के लिए यह बड़ी जरूरत बन गया है। शॉर्ट टर्म में पैसे की जरूरत पड़ने पर किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ता। इसका रिवॉर्ड प्वाइंट्स आपको शॉपिंग में मदद करता है। साथ ही आपकी क्रेडिट हिस्ट्री भी इससे तैयार होती है। लेकिन, क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल में कुछ रिस्क भी हैं।

क्रेडिट कार्ड से खर्च एक तरह से उधार लेने जैसा

क्रेडिट कार्ड के जरिए किया गया खर्च एक तरह से पैसे उधार लेने की तरह है। पहले आप क्रेडिट कार्ड से खर्च करते हैं फिर कुछ समय बाद बिल का पेमेंट कर देते हैं। कई बार क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल के वक्त हम उस पैसे को चुकाने के बारे में नहीं सोचते हैं। बार-बार ऐसा होने पर व्यक्ति के डेट ट्रैप में फंसने की आशंका बढ़ जाती है।


समस्या क्रेडिट कार्ड में नहीं इसके इस्तेमाल के तरीके में

एक्सपर्ट्स का कहना है कि समस्या क्रेडिट कार्ड में नहीं है बल्कि इसके इस्तेमाल के तरीके में है। अगर आप समझदारी से इसका इस्तेमाल करते हैं तो यह आपके लिए काफी उपयोगी है। पिछले कुछ समय से बाजार में यूजर्स की अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से अलग-अलग क्रेडिट कार्ड आ गए हैं। जो लोग ज्यादा ट्रेवल करते हैं उनके लिए ट्रेवल क्रेडिट कार्ड हैं। जो लोग ऑनलाइन खरीदारी ज्यादा करते हैं उनके लिए ई-कॉमर्स कंपनियों के को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड हैं।

अपनी जरूरत को ध्यान में रख बनवाएं क्रेडिट कार्ड 

यूजर को क्रेडिट कार्ड बनवााने से पहले यह देखना चाहिए कि उसकी जरूरत किस तरह की है। अगर आप ग्रॉसरी, फ्यूल और ऑनलाइन शॉपिंग के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो आपके लिए सिंपल कैशबैक या एवरीडे रिवॉर्ड्स कार्ड सही रहेगा। अगर आप ज्यादा ट्रेवल करते हैं तो आपके लिए ट्रेवल कार्ड और होटल बेनेफिट्स कार्ड सही रहेगा।

ज्यादा जरूरत पर इस्तेमाल करना है तो लाइफ-टाइम फ्री कार्ड सही है

कई बैंक लाइफ-टाइम फ्री क्रेडिट कार्ड यूजर्स को ऑफर करते हैं। अगर आप क्रेडिट कार्ड इसलिए रखना चाहते हैं कि कभी जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल करेंगे तो आपको लाइफ-टाइम फ्री क्रेडिट कार्ड बनवाना चाहिए। ऐसे कार्ड पर सुविधाएं बहुत ज्यादा नहीं होती हैं, लेकिन आपको सालाना फीस नहीं चुकानी पड़ती हैं। जो लोग क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल सिर्फ ज्यादा जरूरी होने पर करते हैं, उनके लिए यह कार्ड सही है।

यह भी पढ़ें: Gold Rate: यह 1983 के बाद गोल्ड के लिए सबसे खराब हफ्ता, क्या आपको इनवेस्ट करना चाहिए?

क्या आपको क्रेडिट कार्ड बनवाना चाहिए?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि जिस तरह फाइनेंशियल एडवाइजर निवेश में अनुशासन की सलाह देते हैं, उसी तरह क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल में भी अनुशासन जरूरी है। क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल के वक्त अगर आपको पता है कि आप उतना ही खर्च कर रहे हैं, जितना आप बिल आने पर आसानी से चुका देंगे तो फिर आपको दिक्कत नहीं होगी। समय पर बिल का पूरा पेमेंट करने वाले लोगों को 52 दिन तक बगैर इंटरेस्ट क्रेडिट मिल जाता है। लेकिन, बिल पूरा नहीं चुकाने पर बिल अमाउंट पर इंटरेस्ट लगना शुरू हो जाता है। इससे हमेशा बचने की सलाह है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।