क्रेडिट कार्ड (Credit Card) के इस्तेमाल में पिछले कुछ सालों में जबर्दस्त वृद्धि देखने को मिली है। इसकी खास वजह है। कंज्यूमर बैंक सेविंग्स अकाउंट में पैसे खत्म हो जाने के बाद भी क्रेडिट कार्ड के जरिए खरीदारी कर सकते हैं, रेल-हवाई टिकट बुक कर सकते हैं। इंश्योरेंस का प्रीमियम चुका सकते हैं, कार में पेट्रोल भरवा सकते हैं और बाहर खाना खा सकते हैं। उधर, क्रेडिट कार्ड जारी करने वाले बैंकों और एनबीएफसी के लिए यह कमाई का अच्छा जरिया है। यही वजह है कि करीब सभी बड़े सरकारी और प्राइवेट बैंक क्रेडिट कार्ड्स ऑफर करते हैं। कई एनबीएफसी भी क्रेडिट कार्ड की सुविधा देती हैं। सवाल है कि क्रेडिट कार्ड इश्यू करने वाले बैंक-एनबीएफसी को इससे किस तरह कमाई होती है?
