Credit Cards का इस्तेमाल कोरोना से पहले के स्तर पर पहुंच गया है। RBI के डेटा के मुताबिक, जुलाई 2022 में देश में 8.03 करोड़ कार्ड्स सर्कुलेशन में थे। पिछले साल जुलाई के मुकाबले यह संख्या 26.5 फीसदी ज्यादा है। कई लोगों के पास एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड्स होते हैं। सवाल है कि आपके पास कितने क्रेडिट कार्ड होने चाहिए?
क्रेडिट स्कोरिंग एक्सपर्ट पारिजात गर्ग ने कहा, "आम तौर पर एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड होना फायदेमंद है। इसकी वजह यह है कि एक क्रेडिट कार्ड के काम नहीं करने पर दूसरा क्रेडिट कार्ड आपके काम आता है। लेकिन, कई कार्ड्स को संभालना और तय समय पर उनके पेमेंट करना मुश्किल हो सकता है।"
एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड होने पर खर्च बढ़ने और आपके कर्ज के जाल में फंसने की आशंका भी बढ़ जाती है। रेक्टिफायक्रेडिट डॉट कॉम के फाउंडर डायरेक्टर अपर्णा रामचंद्रा ने कहा, "ज्यादा लिमिट वाला क्रेडिट होने पर यूजर बगैर ज्यादा सोचे खर्च करना शुरू कर देता है। फिर, समय पर क्रेडिट कार्ड बिल चुकाने में मुश्किल आती है। ऐसी स्थिति में वह मिनिमम ड्यू अमाउंट पेमेंट कर मंथली स्टेटमेंट के बैलेंस को आगे बढ़ाता रहता है। इस तरह इंटरेस्ट पर उसका काफी पैसा खर्च होता है।"
आपको ऐसा क्रेडिट कार्ड रखना चाहिए, जो आपके स्पेंडिंग पैटर्न से मैच करता हो। उदाहरण के लिए अगर आप ज्यादा ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं तो आपके लिए शॉपिंग कार्ड सही रहेगा। इससे आपको शॉपिंग के दौरान कई तरह के ऑफर्स, कैशबैक और डिस्काउंट जैसे फायदे मिलेंगे। अगर आप ऑफिस जाने के लिए अपनी गाड़ी का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए को-ब्रांडेड फ्यूल कार्ड रखना ठीक रहेगा।
मास्टरकार्ड, रुपे, वीजा, डिनर क्लब के क्रेडिट कार्ड में कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं। आप इन कार्ड्स पर कैशबैक और रिवॉर्ड प्वॉइंट्स का भी लाभ उठा सकते हैं। क्रेडिटकार्ड्ज डॉट इन के प्रवक्ता ने कहा कि अगर आप पहली बार क्रेडिट कार्ड ले रहे हैं तो आपको वीजा या मास्टरकार्ड प्रेफर करना चाहिए। इसकी वजह यह है कि कुछ रिटेलर्स और ई-कॉमर्स वेबसाइट पर AMEX या Diners Club के इस्तेमाल से दिक्कत आ सकती है।
एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड्स का फायदा यह है कि आपके पास ज्यादा क्रेडिट लिमिट होती है। उदाहरण के लिए मान लीजिए एक बैंक के क्रेडिट कार्ड पर आपको मैक्सिमम 2 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट मिलती है। अगर आपके पास दो क्रेडिट कार्ड हैं तो आपकी क्रेडिट लिमिट 4 लाख रुपये तक हो सकती है।
हालांकि, यह ध्यान में रखना जरूरी है कि एक से ज्यादा कार्ड्स होने पर हर कार्ड का आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो घट जाता है। CRED के फाउंडर कुणाल शाह ने कहा, "यह याद रखें कि आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो उपलब्ध क्रेडिट लिमिट के 30 फीसदी से ज्यादा नहीं होना चाहिए। इस लिमिट को क्रॉस करने पर आपके क्रेडिट स्कोर पर असर पड़ सकता है।"