इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का सीजन 28 मार्च, 2026 से शुरू हो रहा है। वहीं क्रिकेट के धकड़ा टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले गुजरात टाइटन्स (GT) के कप्तान शुभमन गिल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल ने मुंबई के जुहू इलाके में एक लग्ज़री अपार्टमेंट खरीदा है। इस फ्लैट की कीमत 20 करोड़ से ज्यादा की बताई जा रही है।
शुभमन गिल ने खरीदा 20.7 करोड़ का फ्लैट
रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म जैपकी के अनुसार, भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल ने मुंबई के जुहू इलाके में एक लग्ज़री अपार्टमेंट खरीदा है। यह फ्लैट 3,369 वर्ग फुट का है और इसकी कीमत करीब 20.7 करोड़ रुपये बताई गई है। यह अपार्टमेंट जुहू-तारा रोड पर बन रहे ‘पूजा लुमिनेयर’ प्रोजेक्ट की 12वीं मंजिल पर स्थित है और अभी निर्माणाधीन है। रिपोर्ट के मुताबिक, टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इस प्रॉपर्टी की खरीद के लिए करीब 1.24 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी भी चुकाई है। इस फ्लैट की प्रति वर्ग फुट कीमत लगभग 61,442 रुपये पड़ती है, जो इस इलाके के अन्य प्रोजेक्ट्स के बराबर मानी जा रही है।
मुंबई के इस पॉश इलाके में खरीदा फ्लैट
बता दें कि, जुहू मुंबई का एक प्रमुख और पॉश इलाका है, जहां बड़े बिजनेसमैन, फिल्मी सितारे और खेल जगत की मशहूर हस्तियां रहना पसंद करती हैं। शुभमन गिल ने यह अपार्टमेंट रियल एस्टेट कंपनी पूजा लेज़र एंड लाइफस्टाइल से खरीदा है। इस कंपनी को फिल्म निर्माता वाशु भगनानी, उनकी पत्नी पूजा भगनानी और उनके बेटे जैकी भगनानी मिलकर चलाते हैं। कंपनी ने दिसंबर 2024 में 16 मंज़िला ‘लुमिनेयर’ प्रोजेक्ट लॉन्च किया था, जिसे 2029 तक पूरा करने की योजना है।
इस मामले में मनीकंट्रोल ने शुभमन गिल की टीम से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की है। जैसे ही उनकी ओर से जवाब मिलेगा, खबर को अपडेट किया जाएगा। उम्मीद है कि शुभमन गिल 28 मार्च से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीज़न में गुजरात टाइटन्स टीम के कप्तान के रूप में खेलते नजर आएंगे।
पूजा लेजर एंड लाइफस्टाइल से इस मामले पर टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका। शुभमन गिल की यह प्रॉपर्टी खरीद मुंबई के रियल एस्टेट बाजार में क्रिकेटरों द्वारा किए जा रहे बड़े निवेश का हिस्सा मानी जा रही है। इससे पहले भी रोहित शर्मा, ज़हीर खान और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी और उनके परिवार यहां निवेश कर चुके हैं। वाशु भगनानी मूल रूप से कोलकाता के रहने वाले हैं और मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री में एक जाने-माने निर्माता हैं। उन्होंने खासकर 1990 के दशक में कई हिट फिल्में दी थीं, हालांकि बाद में उनका करियर थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रहा। इसके साथ ही, उन्होंने मुंबई के लग्ज़री रियल एस्टेट सेक्टर में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। बांद्रा, खार और जुहू जैसे इलाकों में उनके कई लग्ज़री रिहायशी प्रोजेक्ट्स हैं। उनके बेटे जैकी भगनानी भी इस बिजनेस से जुड़े हुए हैं, जबकि उनकी बेटी दीपशिखा भगनानी फिल्म प्रोडक्शन के काम में हिस्सा लेती हैं।