DA Hike 2026: केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स को जनवरी 2026 के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का अभी भी इंतजार है। आमतौर पर इसका ऐलान होली के आसपास हो जाता है, लेकिन इस बार अब तक कोई घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि सरकार अप्रैल 2026 में इसका ऐलान कर सकती है। हालांकि, जब भी फैसला आएगा, यह 1 जनवरी 2026 से ही लागू माना जाएगा।
आंकड़ों के अनुसार, DA में करीब 2% की बढ़ोतरी हो सकती है। यानी मौजूदा 58% से बढ़कर यह 60% तक पहुंच सकता है। CPI-IW यानी कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स के आधार पर यह अनुमान लगाया गया है। सरकार आमतौर पर आंकड़ों को राउंड ऑफ करके अंतिम दर तय करती है।
इस बार देरी की एक बड़ी वजह 7वें और 8वें वेतन आयोग के बीच का ट्रांजिशन माना जा रहा है। 7वें वेतन आयोग का पीरियड 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो चुका है। 8वां वेतन आयोग का गठन हो गया है। नए आयोग की सिफारिशें आने और लागू होने में समय लगेगा। तब तक सातवें वेतन आयोग के तहत साल में 2 बार महंगाई भत्ता बढ़ाया जाएगा।
इस बढ़ोतरी से 1 करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स को फायदा होगा। कर्मचारियों को DA और पेंशनर्स को DR के रूप में यह बढ़ोतरी मिलती है।
साल में दो बार होता है रिवीजन
सरकार साल में दो बार पहली बार मार्च या अप्रैल में (जनवरी से लागू) और दूसरी बार अक्टूबर या नवंबर में डीए बढ़ाया जाता है। दूसरा वाला महंगाई भत्ता 1 जुलाई से बढ़ा हुआ माना जाता है।