1 दिसंबर से बड़े बदलाव: Aadhaar, SBI Card, Pension और RBI से जुड़े 6 नए नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर
December 2026 Financial Changes: दिसंबर 2026 की शुरुआत के साथ ही आम आदमी की जेब, क्रेडिट कार्ड खर्च, निवेश और लोन की ईएमआई से जुड़े 6 बड़े नियम बदलने जा रहे हैं। इनमें SBI Card के नए चार्ज, Aadhaar में मुफ्त ईमेल अपडेट की डेडलाइन, पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट और RBI MPC की बैठक जैसे अहम अपडेट शामिल हैं। जानें पूरी डिटेल...
आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से ईमेल एड्रेस अपडेट करने पर लगने वाले ₹75 के शुल्क को 31 दिसंबर 2026 तक माफ कर दिया है
December 2026 Financial Changes: दिसंबर 2026 में कई महत्वपूर्ण रेगुलेटरी और वित्तीय बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ने वाला है। नए बदलाव से आपके मासिक बजट, क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल, पेंशन और निवेश से जुड़े फैसले प्रभावित हो सकते है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), सेबी, UIDAI और एसबीआई कार्ड से जुड़े इन 6 प्रमुख अपडेट्स को समय रहते जान लेना आपके लिए बेहद जरूरी है।
1. SBI Card यूजर्स को फ्यूल और ट्रांसपोर्टेशन खर्च पर देना होगा ज्यादा चार्ज
SBI Card ने 27 अक्टूबर को जारी नोटिस के तहत चुनिंदा ट्रांजैक्शन पर शुल्क में बदलाव किया है, जो 1 दिसंबर से प्रभावी होंगे। ₹30,000 से अधिक के एकल ट्रांसपोर्टेशन ट्रांजैक्शन पर 1% का अतिरिक्त शुल्क लगेगा।
अगर एक बिलिंग साइकिल में योग्य फ्यूल खर्च ₹50,000 से अधिक हो जाता है, तो पूरे फ्यूल खर्च पर 1% शुल्क और लागू टैक्स वसूला जाएगा। उदाहरण के लिए, अगर कोई कार्डधारक एक बिलिंग साइकिल में फ्यूल पर ₹60,000 खर्च करता है, तो उसे टैक्स से पहले ₹600 का अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
2. कमोडिटी ट्रेडिंग मार्जिन नियमों में SEBI का बड़ा बदलाव
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) 1 दिसंबर से कमोडिटी डेरिवेटिव्स के लिए संशोधित न्यूनतम इनिशियल मार्जिन नियम लागू करेगा। नए नियमों के तहत कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए न्यूनतम मार्जिन 6%, मध्यम उतार-चढ़ाव के लिए 8% और उच्च उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए 10% होगा।
कम और मध्यम वोलैटिलिटी वाली कमोडिटीज के लिए न्यूनतम मार्जिन पीरियड ऑफ रिस्क दो दिन और हाई-वोलैटिलिटी के लिए तीन दिन रहेगा। इससे ट्रेडर्स को अपने ब्रोकर के पास रखने वाली मार्जिन राशि में बदलाव देखने को मिल सकता है।
3. विदेशी निवेशकों (NRI/OCI) के लिए डिजिटल KYC प्रक्रिया होगी आसान
पात्र अनिवासी भारतीय (NRI), ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) और फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) के मानकों का पालन करने वाले देशों में रहने वाले विदेशी नागरिक 3 दिसंबर से SEBI-पंजीकृत इंटरमीडियरीज के साथ रिमोटली KYC औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे।
14 अगस्त को SEBI द्वारा घोषित इस राहत का उद्देश्य भारतीय प्रतिभूति बाजारों तक पहुंच को आसान बनाना है। अब पात्र निवेशकों को फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए भारत यात्रा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
4. Aadhaar में ईमेल अपडेट कराने के लिए 31 दिसंबर तक कोई फीस नहीं
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने अपने आधिकारिक आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से ईमेल एड्रेस अपडेट करने पर लगने वाले ₹75 के शुल्क को 31 दिसंबर 2026 तक माफ कर दिया है। 1 जुलाई से शुरू हुई यह छह महीने की छूट केवल ईमेल एड्रेस अपडेट के लिए है। अन्य आधार अपडेट सेवाओं पर यह छूट लागू नहीं होगी।
5. पेंशनर्स के लिए 30 नवंबर तक लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य
केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों को अपनी पेंशन में देरी या रुकावट से बचने के लिए 30 नवंबर तक वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य है। यह प्रमाण पत्र डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सुविधा या अन्य अधिकृत माध्यमों से जमा किया जा सकता है। जिन पेंशनर्स ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें डेडलाइन से पहले इसे निपटा लेना चाहिए।
6. RBI MPC की दिसंबर बैठक तय करेगी लोन EMI की दिशा
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 2 से 4 दिसंबर के बीच होगी। रेपो रेट को लेकर समिति का फैसला कर्ज की लागत को प्रभावित कर सकता है, खासकर उन कर्जदारों के लिए जिनके लोन एक्सटर्नल बेंचमार्क लेंडिंग रेट्स (EBLR) से जुड़े हैं। नीतिगत दर में किसी भी बदलाव का असर होम, ऑटो और पर्सनल लोन की ब्याज दरों व मासिक किस्तों (EMI) पर पड़ेगा।