दिल्ली से देहरादून का सफर अब सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा, लेकिन इसका असर सिर्फ ट्रैवल तक सीमित नहीं रहेगा। इस नए एक्सप्रेसवे के शुरू होते ही रास्ते में पड़ने वाले इलाकों में प्रॉपर्टी की मांग और कीमत दोनों तेजी से बढ़ने की उम्मीद है, जिससे घर खरीदने और निवेश करने वालों के लिए नए मौके बन रहे हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने से प्रॉपर्टी मार्केट में भी बूम देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे सिर्फ सफर को आसान बनाने वाला प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि यह प्रॉपर्टी मार्केट के लिए भी बड़ा बदलाव लेकर आ सकता है। इस 213 किमी लंबे एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर करीब 2 घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे आसपास के इलाकों में रहने और निवेश करने की डिमांड तेजी से बढ़ने लगी है।
किन इलाकों में बढ़ेंगे दाम?
रियल एस्टेट प्लेटफॉर्म मैजिक ब्रिक के मुताबिक इस एक्सप्रेसवे के आसपास प्रॉपर्टी की कीमतों में आने वाले समय में 15% से 30% तक बढ़ोतरी हो सकती है। खासकर दिल्ली-NCR से सटे इलाके जैसे गाजियाबाद, बागपत, बरौत, सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर निवेश के लिए हॉटस्पॉट बन रहे हैं। अभी बागपत जैसे इलाकों में जमीन थोड़ी सस्ती है, इसलिए यहां भविष्य में ज्यादा रिटर्न मिलने की संभावना है।
छोटे शहर बन सकते हैं नये मौके
एक्सप्रेसवे के आसपास के शहर जैसे सहारनपुर भी तेजी से उभर रहे हैं। यहां लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउस और कमर्शियल प्रॉपर्टी की मांग बढ़ सकती है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण कारोबार आसान होगा और नए बिजनेस के मौके बनेंगे, जिससे लोकल प्रॉपर्टी की कीमतों को भी सपोर्ट मिलेगा।
देहरादून में बढ़ रही सेकंड होम की मांग
उत्तराखंड की तरफ, खासकर देहरादून के आसपास प्रॉपर्टी की मांग तेजी से बढ़ रही है। लोग अब यहां हॉलिडे होम और विला खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार सेकंड होम की मांग में करीब 43% तक बढ़ोतरी देखी गई है। बेहतर कनेक्टिविटी, साफ वातावरण और शांत लाइफस्टाइल इसकी बड़ी वजह हैं।