कल दिवाली सप्ताह की शुरूआत धनतेरस से हो गई है। धनतेरस का कल 29 अक्तूबर को सुबह 10.30 बजे से शुरू हुआ शुभ मुहुर्त आज दोपहर 1.15 बजे तक रहेगा। सोना चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई पर है लेकिन बावजूद इसके धनतेरस पर जमकर खरीदारी हुई है। लोग सोनी और चांदी ही नहीं हीरे के गहने भी खरीद रहे हैं। तो धन तेरस और दीवाली के शुभ अवसर पर कैसा है देश में रुझान, कैसी है सोने चांदी की बिक्री इस सब पर बातचीत करने के लिए आज सीएनबीसी-आवाज़ के साथ रहे आदित्य बिड़ला ज्वैलरी बिजनेस के डायरेक्टर दिलीप गौड़।
इस खास बातचीत में दिलीप गौड़ ने कहा कि भारत में सोने को लेकर एक खास तरह का लगाव है। ऐसे में ये इंडस्ट्री आगे तेजी से ग्रोथ करेगी। कंपनी ने 10 हफ्तों में 10 स्टोर खोले हैं। 2025 के अंत तक 100 स्टोर खोलने की योजना है। कंपनी के पास गहनों के 15000 से भी ज्यादा डिजाइन मौजूद हैं। भारत में कारोबार बढ़ाने पर कंपनी का जोर है। देश के तीन बड़े ज्वेलर्स में शामिल होने का लक्ष्य है। जल्द ही सभी दूसरे ब्रांड Indriya के नीचे आएंगे।
सरकार की नीतियों के कारण काम करने में आसानी हुई है। देश का ज्वेलरी बाजार 7 लाख करोड़ रुपए का है। ज्वेलरी बाजार डबल डिजिट ग्रोथ के साथ बढ़ रहा है। कंपनी की इंडस्ट्री औसत से बड़े साइज के स्टोर खोलने की योजना है।
बड़े साइज के 350-400 स्टोर खोलने की योजना है। देश का 65 फीसदी बाजार अब भी अनऑर्गनाइज्ड है। लोग सोने को निवेश के विकल्प के तौर पर भी देख रहे हैं। सरकारी नीतियों में सुधार के चलते फेयर बिजनेस करने वाली ऑर्गनाइज्ड कंपनियों के लिए ज्वेलरी बिजनेस में काम करना आसान हुआ है।
ज्वेलरी बिजनेस में विश्वास का बहुत अहम रोल होता है। आदित्य बिड़ला और विश्वास का वैसे भी बहुत गहरा संबंध है। कंपनी पहले से ही फैशन कारोबार में है। फैशन के बाद लोग ज्वेलरी में आते हैं। कंपनी को पास रिटेल, कंज्यूमर और फैशन सबका अनुभव है। ये अनुभव ज्वेलरी कारोबार में काम आएंगे।
दिलीप गौड़ ने कहा कि कंपनी ग्राहकों को अच्छा अनुभव देने को लिए बड़े स्टोर पर फोकस करेगा। कंपनी का सबसे बड़ा स्टोर दिल्ली के करोलबाग में है। ये स्टोर 14000 वर्ग फुट एरिया में है।