EPS Pension: नई वेज सीलिंग के बाद अब मिलेगी ₹12,500 पेंशन! समझिए पूरा गणित
EPS Pension Hike: EPFO ने वेज सीलिंग को ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 कर दिया है। नए नियम से पेंशनधारकों में खुशी की लहर है। लेकिन क्या हर नौकरीपेशा को ₹12,500 महीने की पेंशन मिल सकती है? जानिए क्या है नियम और वो कौन सी शर्ते है जिन्हें पूरा करना है जरूरी
र्मचारी की पेंशन योग्य सेवा 20 साल या उससे अधिक होती है, तो नियम के मुताबिक उसे 2 साल का सर्विस बोनस दिया जाता है
EPF Wage Ceiling & EPS Pension Hike: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन द्वारा एंप्लॉय पेंशन स्कीम (EPS) के तहत सैलरी लिमिट को ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 किए जाने के बाद से नौकरीपेशा कर्मचारियों में पेंशन को लेकर काफी उत्साह है। इस फैसले से अब कर्मचारियों की रिटायरमेंट पेंशन में बड़ा इजाफा हो सकता है।
सोशल मीडिया और बाजार में चर्चा है कि नई सीलिंग के बाद कर्मचारियों को ₹12,500 रुपये महीने तक की पेंशन मिल सकती है। लेकिन क्या यह ₹12,500 की पेंशन हर नौकरीपेशा को मिलेगी? आइए आपको बताते हैं कि ईपीएस पेंशन की गणना कैसे होती है और ₹12,500 पेंशन पाने की असली शर्तें क्या हैं।
EPS पेंशन कैसे तय होती है?
कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के तहत रिटायरमेंट के समय मिलने वाली मासिक पेंशन का एक निश्चित सरकारी फॉर्मूला होता है:
मासिक पेंशन= पेंशन योग्य वेतन ×पेंशन योग्य सेवा/70
पेंशन योग्य वेतन: रिटायरमेंट या नौकरी छोड़ने से ठीक पहले के आखिरी 5 साल के औसत मूल वेतन (Basic Pay + DA) को माना जाता है। जो अब अधिकतम ₹25,000 होगा।
पेंशन योग्य सेवा: कर्मचारी द्वारा कुल जितने सालों तक ईपीएफ में अंशदान दिया गया है।
किसे और कैसे मिलेगी ₹12,500 महीने की पेंशन?
अगर किसी कर्मचारी की पेंशन योग्य सेवा 20 साल या उससे अधिक होती है, तो नियम के मुताबिक उसे 2 साल का सर्विस बोनस दिया जाता है। अगर किसी कर्मचारी ने 33 साल तक नौकरी की है, तो 2 साल का बोनस जुड़ने से उसकी कुल पेंशन योग्य सेवा 35 साल मानी जाएगी।
EPF Pension: पुरानी बनाम नई वेज सीलिंग का गणित
निष्कर्ष: अगर आपका औसत बेसिक वेतन ₹25,000 रहता है और आपकी कुल सर्विस 35 साल (33 साल नौकरी + 2 साल बोनस) होती है, तभी आपको ₹12,500 प्रति माह की अधिकतम पेंशन मिल सकती है।
एंपलॉयर के अंशदान पर क्या पड़ा असर?
सैलरी लिमिट बढ़ने से आपकी पेंशन निधि में जमा होने वाली मासिक राशि में बड़ा इजाफा हुआ है:
पुराना नियम (₹15,000 लिमिट): कंपनी द्वारा आपके EPS खाते में आपकी बेसिक सैलरी का 8.33% यानी अधिकतम ₹1,250 प्रति माह ही जमा होता था।
नया नियम (₹25,000 लिमिट): अब ₹25,000 की नई सीमा के तहत कंपनी का मासिक ईपीएस योगदान बढ़कर ₹2,083 प्रति माह हो गया है। इससे कर्मचारियों का पेंशन फंड तेजी से बढ़ेगा।
इन कर्मचारियों को नहीं मिलेगा पूरा फायदा!
केवल बेसिक सैलरी ₹25,000 होने का मतलब यह नहीं है कि आपको ₹12,500 पेंशन की गारंटी मिल गई। इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है:
अगले 5 साल में रिटायर होने वाले कर्मचारी: चूंकि पेंशन की गणना आखिरी 60 महीनों के औसत वेतन पर होती है, इसलिए जो कर्मचारी अगले 1-2 सालों में रिटायर हो रहे हैं, उन्हें इस बढ़ी हुई सीलिंग का आंशिक लाभ ही मिलेगा, क्योंकि उनका पुराना योगदान ₹15,000 की लिमिट पर ही जमा हुआ था।
न्यूनतम 10 साल की सेवा अनिवार्य: ईपीएस के तहत पेंशन का हकदार बनने के लिए कम से कम 10 साल की पेंशन योग्य सेवा होना अनिवार्य है। 10 साल से कम सर्विस होने पर केवल एकमुश्त राशि निकाली जा सकती है।
मिनिमम पेंशन: ईपीएस के तहत पात्र कर्मचारियों को कम से कम ₹1,000 महीने की न्यूनतम पेंशन की गारंटी मिलती है।
₹25,000 की वेज सीलिंग का सबसे बड़ा फायदा उन युवा और मध्यम उम्र के कर्मचारियों को मिलेगा जिनके पास रिटायरमेंट के लिए अभी 15 से 20 साल का समय बाकी है। अगर आप ईपीएफओ में लगातार योगदान बनाए रखते हैं और अपनी नौकरी में निरंतरता रखते हैं, तो आपकी बुढ़ापे की पेंशन दोगुनी से भी ज्यादा हो सकती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।