EPFO: EPF खाते में गलत दर्ज है जॉइनिंग या एग्जिट डेट? नहीं कर पाएंगे क्लेम और रुक जाएगी पेंशन, जानें सुधारने का आसान तरीका

How to Update EPF Details: क्या आपके EPF खाते में जॉइनिंग या नौकरी छोड़ने की तारीख गलत दर्ज है? दिखने में छोटी लगने वाली यह गलती नौकरी बदलते समय PF ऑनलाइन ट्रांसफर रोकने, क्लेम अटकने और 10 साल की EPS सर्विस में रुकावट डालकर आपकी पेंशन तक छीन सकती है

अपडेटेड Aug 24, 2026 पर 9:09 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जिन सदस्यों का UAN आधार से वेरिफाइड है, वे स्वयं ही अपनी विवरण जानकारी अपडेट कर सकते हैं

EPF Wrong Joining Exit Date Correction: एंप्लॉय प्रॉविडेंट फंड खाते में आपकी जॉइनिंग डेट या एग्जिट डेट में एक छोटी सी गलती भी आपके पीएफ क्लेम, ऑनलाइन ट्रांसफर और पेंशन पात्रता में बड़ी रुकावट खड़ी कर सकती है।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के नियमों के अनुसार, पेंशन की पात्रता तय करने के लिए सेवा की कुल अवधि सटीक होना अनिवार्य है। जानिए गलत तारीखों के क्या नुकसान हैं और आप इसे घर बैठे ऑनलाइन कैसे सुधार सकते हैं।

गलत तारीख दर्ज होने से क्या-क्या होंगी समस्याएं?


जब आप नौकरी बदलते हैं, तो पुरानी कंपनी का पीएफ बैलेंस नई कंपनी के खाते में ट्रांसफर करने के लिए पुरानी कंपनी की एग्जिट डेट पोर्टल पर दर्ज होना अनिवार्य है। इसके बिना ट्रांसफर रिजेक्ट हो जाता है।

EPFO के नियमों के मुताबिक, एंप्लॉय पेंशन स्कीम (EPS) के तहत पेंशन पाने के लिए न्यूनतम 10 साल की योग्य सेवा पूरी होना जरूरी है। जॉइनिंग या एग्जिट डेट गलत होने पर आपकी वास्तविक सेवा अवधि कम दिख सकती है, जिससे आप पेंशन पाने से वंचित रह सकते हैं।

EPFO के इलेक्ट्रॉनिक चालान सिस्टम के अनुसार, पीएफ अंशदान केवल मान्य जॉइनिंग और एग्जिट डेट के बीच की अवधि के लिए ही जमा हो सकता है। अगर एग्जिट डेट पहले की दर्ज हो गई है, तो उसके बाद का अंशदान क्रेडिट होने में तकनीकी दिक्कत आती है।

क्या गलत तारीख से पीएफ का ब्याज रुक जाता है?

जी नहीं! EPFO के मुताबिक, एग्जिट डेट गलत दर्ज होने या अपडेट न होने से आपके खाते में जमा राशि पर मिलने वाला ब्याज नहीं रुकता और न ही जमा पैसा डूबता है। ब्याज की गणना मासिक रनिंग बैलेंस के आधार पर ही होती रहती है।

ऑनलाइन जॉइनिंग और एग्जिट डेट सुधारने का तरीका

EPFO ने मेंबर्स के लिए प्रक्रिया को काफी आसान बना दिया है। जिन सदस्यों का UAN आधार से सत्यापित है, वे स्वयं ही अपनी विवरण जानकारी अपडेट कर सकते हैं।नौकरी छोड़ने के 60 दिन बाद कर्मचारी खुद इसे पोर्टल पर अपडेट कर सकते हैं।

  • EPFO के Unified Member Portal पर लॉगिन करें।
  • मेनू बार में Manage > Mark Exit पर क्लिक करें।
  • अपना संबंधित PF अकाउंट चुनें।
  • अपनी सही एग्जिट डेट और नौकरी छोड़ने का कारण (Reason of Exit) दर्ज करें।
  • आधार-लिंक्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP के जरिए ऑथेंटिकेशन पूरा करें।

इस बात का ध्यान दें कि 1 अक्टूबर 2017 से पहले जारी पुराने यूएएन के मामलों में या बड़े बदलावों के लिए नियोक्ता के वेरिफिकेशन की आवश्यकता हो सकती है।

नौकरी बदलते ही या समय-समय पर अपने EPF पासबुक और सर्विस हिस्ट्री की जांच जरूर करें। क्लेम विड्रॉल, ट्रांसफर या रिटायरमेंट पेंशन के समय होने वाली देरी से बचने के लिए गलत जॉइनिंग या एग्जिट डेट को तुरंत सुधार लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।