EPFO: एंप्लॉयीज प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (ईपीएफओ) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए सब्सक्राइबर्स को 8.25 फीसदी के रेट से इंटरेस्ट देने का ऐलान किया है। उसने इस फैसले का नोटिफिकेशन इस साल मार्च में इश्यू किया था। दो महीने बीत जाने के बाद भी यह पैसा अब तक सब्सक्राइबर्स के ईपीएफ अकाउंट में नहीं आया है। करोड़ों सब्सक्राइबर्स अकाउंट में इंटरेस्ट का पैसा आने का इंतजार कर रहे हैं।
इंटरेस्ट का पैसा तय प्रक्रिया के तहत आता है
ईपीएफओ के सब्सक्राइबर्स को यह समझने की जरूरत है कि इंटरेस्ट का पैसा अकाउंट में एक तय प्रक्रिया के तहत आता है। ईपीएफ के इंटरेस्ट रेट का ऐलान होने के बाद सरकार इसे एप्रूव करती है। इसके बाद ईपीएफओ अकाउंट्स रिकॉनसाइल करता है और इंटरेस्ट सब्सक्राइबर्स के अकाउंट में ट्रांसफर करने से पहले करोड़ों अकाउंट्स के रिकॉर्ड को अपडेट करता है।
इंटरेस्ट क्रेडिट होने पर मेंबर पासबुक में दिखेगा
अब तक ईपीएफओ ने यह नहीं बताया है कि इंटरेस्ट का पैसा सब्सक्राइबर्स के अकाउंट में कब आएगा। ईपीएफओ के ट्रांसफर करने के बाद यह पैसा सब्सक्राइबर के ईपीएफ बैलेंस और पासबुक में दिखाई देगा। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सब्सक्राइबर्स अपना ईपीएफ अकाउंट चेक कर सकते हैं। अकाउंट बैलेंस के बारे में जानने के कई तरीके हैं।
ऐसे चेक कर सकते हैं ईपीएफ अमाउंट बैलेंस
सब्सक्राइबर ईपीएफओ की वेबसाइट के जरिए अकाउंट बैलेंस चेक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने यूएएन और पासवर्ड के जरिए लॉग-इन करना होगा। अकाउंट बैलेंस उमंग ऐप के जरिए भी चेक किया जा सकता है। सब्सक्राइबर्स मिस्ड कॉल और एसएमएस के जरिए भी अकाउंट बैलेंस की जानकारी हासिल कर सकते हैं। मिस्ड कॉल के लिए उन्हें 9966044425 पर कॉल करना होगा। एसएमएस से जानकारी के लिए 7738299899 नंबर पर एसएमएस भेजना होगा। आपको एसएमएस में UAN EPFOHO ENG भेजना होगा।
सब्सक्राइबर्स का नहीं होगा किसी तरह का नुकसान
एक्सपर्ट्स का कहना है कि सब्सक्राइबर्स को इंटरेस्ट के पैसे में आने में हो रही देर से चिंतित होने की जरूरत नहीं है। ईपीएफओ के नियम के मुताबिक, इंटरेस्ट का कैलकुलेशन अकाउंट में जमा पैसे के आधार पर होता है। सब्सक्राइबर के अकाउंट में जितना बैलेंस होगा, उस पर इंटरेस्ट मिलना तय है। लेकिन, यह पैसा अगर जल्द आता है तो इससे सब्सक्राइबर का अकाउंट बैलेंस बढ़ जाएगा। फिर, उस पर वित वर्ष 2026-27 का इंटरेस्ट मिलेगा। इससे सब्सक्राइबर को फायदा होगा।