आपके प्रोविडेंट फंड यानी PF में जमा रकम पर जुलाई में ही ब्याज आने वाला था लेकिन यह पैसा अभी तक अकाउंट में ट्रांसफर नहीं हो पाया है। कोरोनावायरस संक्रमण के इस मुश्किल दौर में कई लोगों की नौकरियां छूट गई हैं या वो किसी बीमारी से जूझ रहे हैं। ऐसे में हर नौकरीपेशा को ब्याज की रकम का इंतजार है। देश में करीब 6 करोड़ ऐसे लोग हैं जो PF के ब्याज का इंतजार कर रहे हैं।
कई नौकरीपेशा लोग ऐसे भी हैं जो ट्विटर के जरिए EPFO को टैग करके यही सवाल कर रहे हैं कि ब्याज का पैसा कब तक मिलेगा? ट्विटर पर किए ऐसे ही एक सवाल के जवाब में EPFO ने बताया कि इंटरेस्ट इनकम जमा करने का काम चल रहा है और जल्दी ही सब्सक्राइबर्स के खातों में ये पैसे ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। हालांकि EPFO ने इसकी कोई तय तारीख नहीं बताई है।
सरकार ने फिलस्कल ईयर 2020-21 के लिए 8.5 फीसदी ब्याज की मंजूरी दे दी है। पहले उम्मीद थी कि 31 जुलाई तक ब्याज की रकम मिल जाएगी लेकिन 10 अगस्त तक पैसा नहीं आया है।
उम्मीद है कि इस महीने PF के ब्याज की रकम आपके खाते में आ सकती है लेकिन क्या आप जानते हैं कि आसानी से PF का बैलेंस कैसे चेक किया जा सकता है।
अगर आपके पास EPFO का UAN है तो आपको 7738299899 पर EPFOHO UAN ENG लिखकर भेजना होगा और आपके पास बैलेंस का मेसेज आ जाएगा।
EPFOHO UAN ENG -इस तरह मेसेज भेजने पर आपके पास अंग्रेजी में मेसेज आएगा। अगर आप हिंदी में मेसेज चाहते हैं तो ENG की जगह HIN लिखना होगा। इसी तरह जिस भाषा में आप मेसेज चाहते हैं उस भाषा के पहले तीन अक्षर लिखना होगा। आप EPFO के मेसेज अंग्रेजी और हिंदी के अलावा कई क्षेत्रीय भाषाओं में मंगा सकते हैं। इनमें पंजाबी, मराठी, हिंदी, कन्नड़, तेलुगु, तमिल, मलयालम और बंगाली शामिल है।
इसके अलावा आप 011-22901406 पर मिस्ड कॉल देकर भी बैलेंस चेक कर सकते हैं। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि आप रजिस्टर्ड नंबर से ही मिस्ड कॉल दें।
इसके अलावा आप EPFO की वेबसाइट और उमंग ऐप के जरिए भी PF का बैलेंस चेक कर सकते हैं।