EPFO New Portal: नौकरी बदलने के बाद अटका है PF का पैसा? EPFO लाया नया ई-पोर्टल, चुटकियों में होगा ट्रांसफर

EPFO New Portal Old PF Account Trace: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने एक ऐसा नया ई-पोर्टल तैयार किया है, जिसकी मदद से आप अपने बंद या इनऑपरेटिव पड़े पुराने PF अकाउंट्स को चुटकियों में ट्रैक और अपने मौजूदा UAN में ट्रांसफर कर सकते हैं। जानें पूरी डिटेल्स

अपडेटेड Jul 30, 2026 पर 11:29 AM
जानिए यह पोर्टल कैसे काम करता है और आपको इसका कैसे फायदा मिलेगा

EPFO New e-Portal Launch: क्या आपने भी बार-बार नौकरी बदली है और आपके पुराने प्रोविडेंट फंड (PF) का पैसा अलग-अलग खातों में अटका पड़ा है? अगर हां, तो अब आपको घबराने या दफ्तरों के चक्कर काटने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने एक ऐसा नया ई-पोर्टल तैयार किया है, जिसकी मदद से आप अपने बंद या इनऑपरेटिव पड़े पुराने PF अकाउंट्स को चुटकियों में ट्रैक और अपने मौजूदा UAN में ट्रांसफर कर सकते हैं।

लोकसभा में श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने 27 जुलाई को वीके श्रीकंदन के सवाल का जवाब देते हुए इस नए डिजिटल सिस्टम की जानकारी दी। आइए आपको बताते हैं कि यह पोर्टल कैसे काम करता है और आपको इसका कैसे फायदा मिलेगा।

EPFO का नया ई-पोर्टल: क्या और कैसे करेगा काम?


सरकार द्वारा विकसित किया गया यह नया डिजिटल प्लेटफॉर्म आधार-बेस्ड ऑथेंटिकेशन पर काम करता है। अगर नौकरी बदलने के दौरान आपका पुराना PF अकाउंट लिंक नहीं हो पाया था, तो यह पोर्टल आपके इनऑपरेटिव खातों को सुरक्षित तरीके से खोजने में मदद करेगा। ट्रैक करने के बाद आप अपने पुराने पीएफ बैलेंस को वर्तमान में एक्टिव यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) में मर्ज/ट्रांसफर कर सकते हैं। अगर आप उस फंड को सेटल या क्लेम करना चाहते हैं, तो उसका विकल्प भी इस ई-पोर्टल पर मिलेगा।

बिना अकाउंट नंबर वालों के लिए क्या है नियम?

लोकसभा में जब ये सवाल पूछा गया कि क्या जिन लोगों को अपने पुराने अकाउंट या पहचान नंबर याद नहीं हैं, उनके लिए भी इस पोर्टल का विस्तार किया जाएगा? इस पर मंत्री शोभा करंदलाजे ने स्पष्ट किया कि 'फिलहाल ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।' यानी इस पोर्टल का फायदा उठाने के लिए सदस्यों के पास अपने पुराने विवरण या आधार लिंक होना अनिवार्य रहेगा।

कागजी कार्रवाई का झंझट खत्म, बढ़ेगी ट्रांसपेरेंसी

सरकार के अनुसार, इस डिजिटल पहल का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि:

  1. मैनुअल काम और कागजी दस्तावेजों की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी।
  2. KYC अपडेट के लिए ऑनलाइन जॉइंट डिक्लेरेशन जमा करने की सुविधा मिलेगी, जिससे वेरिफिकेशन तेजी से होगा।
  3. पूरा क्लेम प्रोसेस ट्रांसपेरेंट और बिना किसी दलाली या झंझट के पूरा हो सकेगा।

FY26 के लिए 8.25% ब्याज का पैसा होना शुरू हुआ क्रेडिट

पुराने खातों को मर्ज करने की खबर के साथ-साथ EPFO सब्सक्राइबर्स के लिए एक और बड़ी खुशखबरी है। EPFO ने वित्तीय वर्ष 2025-26 (FY26) के लिए 8.25% की दर से सालाना ब्याज की राशि सदस्यों के खातों में क्रेडिट करनी शुरू कर दी है। कई कर्मचारियों को ब्याज क्रेडिट होने के एसएमएस अलर्ट मिलने भी शुरू हो चुके हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।