आपकी बचत को चट कर रहा 'महंगाई का दीमक'! 10 साल में ₹1 लाख रह जाएगा सिर्फ ₹61000, जानें किसमें निवेश पर बचेगा आपका पैसा

Equities vs Inflation Real Returns: अगर आपका बैंक डिपॉजिट आपको 7 फीसदी का ब्याज दे रहा है और देश में महंगाई दर 5 फीसदी है, तो आपको लग सकता है कि आपका पैसा बढ़ रहा है। लेकिन सच यह है कि आपका वास्तविक मुनाफा सिर्फ 2 फीसदी ही है

अपडेटेड Jun 04, 2026 पर 4:23 PM
एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस 'साइलेंट किलर' से बचने का एकमात्र तरीका ETF है, जो लंबी अवधि में महंगाई को मात देकर शानदार वेल्थ क्रिएट कर सकते हैं

Inflation vs Mutual Funds: महंगाई एक ऐसा दीमक है जो धीरे-धीरे और बिना किसी आहट के आपकी मेहनत की कमाई को चट कर जाता है। ठीक उसी तरह जैसे लोहे में लगा जंग धीरे-धीरे उसे अंदर से खोखला कर देता है। आज जो लक्ष्य आपको बहुत सस्ता और आसान लग रहा है, अगले 10 साल में वह आपकी पहुंच से बाहर हो सकता है, भले ही आपकी सैलरी और सेविंग्स वैसी ही क्यों न बनी रहे।

अक्सर लोग अपनी बचत को बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) या पारंपरिक स्कीमों में रखकर निश्चिंत हो जाते हैं, लेकिन वे यह भूल जाते हैं कि टैक्स और महंगाई के बाद उनका 'असली रिटर्न' शून्य या माइनस में चला जाता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस 'साइलेंट किलर' से बचने का एकमात्र तरीका इक्विटी म्यूचुअल फंड्स(ETF) है, जो लंबी अवधि में महंगाई को मात देकर शानदार वेल्थ क्रिएट कर सकते हैं।

कैसे घट रही है आपके पैसे की कीमत?


अगर आपका बैंक डिपॉजिट आपको 7 फीसदी का ब्याज दे रहा है और देश में महंगाई दर 5 फीसदी है, तो आपको लग सकता है कि आपका पैसा बढ़ रहा है। लेकिन सच यह है कि आपका वास्तविक मुनाफा सिर्फ 2 फीसदी ही है। इसे कुछ आसान उदाहरणों से समझें:

स्कूल की फीस: आज जो स्कूल फीस ₹50000 सालाना है, वह 5% की महंगाई दर से अगले 7 सालों में आसानी से ₹1 लाख के पार पहुंच जाएगी।

सेविंग्स का नुकसान: अगर आप आज ₹1 लाख की नकदी कहीं अलग बचाकर रख देते हैं, तो महंगाई के चलते अगले 10 साल बाद उसकी वैल्यू घटकर महज ₹61000 के आसपास रह जाएगी।

हेडलाइन बनाम रियल रिटर्न: अगर आपका कोई निवेश 10% का रिटर्न दे रहा है और महंगाई 6% है, तो आपकी असली कमाई सिर्फ 4% है। इसलिए निवेश करते समय हमेशा 'रियल रिटर्न' पर ध्यान देना चाहिए।

भारत में महंगाई का ट्रैक रिकॉर्ड

जनवरी 2026 में भारत की खुदरा महंगाई दर 2.75 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो देखने में काफी कम और राहत देने वाली लगती है। लेकिन पिछले कुछ सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कहानी कुछ और ही बयां करती है:

भारत में महंगाई का ट्रैक रिकॉर्ड

इन आंकड़ों से साफ है कि भारत में महंगाई आमतौर पर 5 से 7 फीसदी की रेंज में बनी रहती है। यह हर साल चक्रवर्ती ब्याज की तरह चुपचाप बढ़ती है और आपके निवेश की वैल्यू को कम करती जाती है।

क्या ETF वाकई महंगाई को बीट सकते हैं?

बाजार के उतार-चढ़ाव को देखकर अक्सर निवेशकों के मन में डर बैठ जाता है कि क्या इक्विटी फंड्स में पैसा सुरक्षित है और क्या यह महंगाई को मात दे पाएगा? 'फंड्सइंडिया रिसर्च' की एक हालिया स्टडी ने साल 2000 से 2025 के बीच निफ्टी 50 TRI (Nifty 50 TRI) के प्रदर्शन और महंगाई की तुलना की है। इस रिसर्च के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:

7 से 9% का एक्स्ट्रा रिटर्न: लंबी अवधि के निवेश में इक्विटी ने लगातार महंगाई को पछाड़ा है और औसतन 7 से 9 फीसदी का रियल आउटपरफॉर्मेंस यानी महंगाई से ऊपर का मुनाफा दिया है।

कम अवधि में जोखिम: शॉर्ट-टर्म के डेटा में उतार-चढ़ाव दिखता है, यानी शुरुआती कुछ सालों में हो सकता है कि इक्विटी महंगाई से कम रिटर्न दे।

ऐतिहासिक संकटों का असर: साल 2008 की वैश्विक मंदी या 2020 में कोरोना महामारी के समय शॉर्ट-टर्म रिटर्न काफी निगेटिव रहे थे। लेकिन जिन निवेशकों ने उस मंदी के दौर में भी अपना निवेश बनाए रखा, वे अगले कुछ ही सालों में शानदार मुनाफे में आ गए।

कब शुरू होता है इक्विटी का असली जादू?

फंड्स इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, जब आपका निवेश 7 से 10 साल की अवधि को पार कर लेता है, तो बाजार की अस्थिरता का असर खत्म होने लगता है। इस टाइम होराइजन के बाद इक्विटी के अंडरपरफॉर्म करने की गुंजाइश न के बराबर रह जाती है और आपके रियल रिटर्न्स बेहद स्थिर हो जाते हैं।

ऐसा इसलिए होता है क्योंकि लंबी अवधि में मार्केट के उतार-चढ़ाव के साइकल बराबर हो जाते हैं और कंपाउंडिंग का जादू अपना काम दिखाने लगता है। इसलिए कहा जाता है कि मार्केट में निवेश के लिए 'टाइमिंग' से ज्यादा 'टाइम' मायने रखता है।

म्यूचुअल फंड इनवेस्टर्स के लिए क्या है सीख?

शॉर्ट-टर्म में इक्विटी म्यूचुअल फंड कभी भी महंगाई को मात देने की गारंटी नहीं देते। जो लोग किसी गिरावट से ठीक पहले बाजार में एंट्री करते हैं, उन्हें शुरुआती सालों में निराशा हो सकती है और कई लोग डरकर समय से पहले बाहर निकल जाते हैं, जो उनकी सबसे बड़ी भूल होती है।

इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश का सीधा नियम है कि कभी भी शॉर्ट-टर्म के ऊंचे रिटर्न के पीछे न भागें। बल्कि अपने फाइनेंशियल गोल्स को कम से कम 7 से 10 साल के टाइम होराइजन के साथ अलाइन करें, ताकि बाजार को आपकी अस्थिरता को क्रय शक्ति में बदलने का पूरा समय मिल सके।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।