Noida vs Gurugram Real Estate: घर खरीदने या निवेश के लिए कौन सा शहर है बेस्ट? जानें कहां मिलेगा बंपर रिटर्न
Noida vs Gurugram Real Estate: घर खरीदार हों या बड़े निवेशक, सबके मन में एक बड़ा सवाल ये है कि, निवेश के लिहाज से नोएडा बेहतर है या गुरुग्राम? दोनों ही शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार के अवसर और कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। आइए आपको बताते हैं इन दोनों शहरों में प्रॉपर्टी खरीदने को लेकर क्या है भविष्य के रुझान
प्रॉपर्टी की वैल्यू बढ़ाने में कनेक्टिविटी सबसे बड़ा रोल निभाती है। इस मोर्चे पर दोनों शहरों के पास अपने-अपने बड़े एस्पेक्ट हैं
Noida vs Gurugram Property Investment: दिल्ली-एनसीआर के रियल एस्टेट मार्केट में इस समय जबरदस्त हलचल है। घर खरीदार हों या बड़े निवेशक, सबके मन में एक बड़ा सवाल ये है कि, निवेश के लिहाज से नोएडा बेहतर है या गुरुग्राम? दोनों ही शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार के अवसर और कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है।
कुशमैन एंड वेकफील्ड की 'दिल्ली एनसीआर रेजिडेंशियल मार्केटबीट Q1 2026' की रिपोर्ट के मुताबिक, एनसीआर में लॉन्च होने वाले कुल प्रोजेक्ट्स में गुरुग्राम की हिस्सेदारी 73 फीसदी रही है। वहीं दूसरी तरफ, ग्रेटर नोएडा का शेयर भी साल 2021 के 19% से बढ़कर 2025 में 28% हो चुका है। आइए समझते हैं कि लंबी अवधि के रिटर्न के मामले में कौन सा शहर बाजी मार रहा है।
कनेक्टिविटी: गुरुग्राम की रफ्तार बनाम नोएडा का नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट
प्रॉपर्टी की वैल्यू बढ़ाने में कनेक्टिविटी सबसे बड़ा रोल निभाती है। इस मोर्चे पर दोनों शहरों के पास अपने-अपने बड़े एस्पेक्ट हैं:
गुरुग्राम का मजबूत नेटवर्क: गुरुग्राम को द्वारका एक्सप्रेसवे, NH-48, सोहना रोड, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और केएमपी (KMP) एक्सप्रेसवे जैसी बड़ी सड़कों का फायदा मिल रहा है। आने वाले समय में यहां 'हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर' और 'नमो भारत रैपिड रेल (RRTS)' से कनेक्टिविटी और भी शानदार हो जाएगी।
नोएडा का गेम चेंजर जेवर एयरपोर्ट: नोएडा का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट यहां का नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Jewar Airport) है, जहां जून 2026 से कमर्शियल उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। इसके अलावा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और एक्वा लाइन मेट्रो इसे बेहद खास बनाते हैं। एनएचएआई ने नोएडा के सेक्टर 94 से यमुना एक्सप्रेसवे तक 31 किमी का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे भी प्रस्तावित किया है, जिससे एयरपोर्ट पहुंचना और आसान हो जाएगा।
रोजगार के अवसर: कॉर्पोरेट हब या नया इकोनॉमिक कॉरिडोर?
मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर निवेशकों को खींचता है, लेकिन वहां रहने वाले लोगों के लिए रोजगार का होना सबसे जरूरी है:
गुरुग्राम का दबदबा: साइबर सिटी, उद्योग विहार और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड जैसे बड़े कॉर्पोरेट हब के कारण गुरुग्राम को हमेशा बढ़त मिलती है। मल्टीनेशनल कंपनियां और बड़े टेक्नोलॉजी सेंटर्स लगातार यहां अपनी जगह बढ़ा रहे हैं। सीबीआरई की ऑफिस लीजिंग रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर देश के सबसे एक्टिव ऑफिस मार्केट्स में से एक बना हुआ है।
नोएडा का नया अवतार: नोएडा अब सिर्फ आईटी सेक्टर तक सीमित नहीं है। जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यमुना एक्सप्रेसवे कॉरिडोर पर लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग, मैन्युफैक्चरिंग, एविएशन सर्विसेज और अपकमिंग फिल्म सिटी के कारण रोजगार के लाखों नए मौके बन रहे हैं।
रेंटल इनकम और कैपिटल एप्रिसिएशन: कहां है ज्यादा मुनाफा?
कमाई और मुनाफे के मामले में दोनों शहरों का गणित थोड़ा अलग है:
गुरुग्राम में मोटा किराया: अगर आप तुरंत अच्छी रेंटल इनकम चाहते हैं, तो गुरुग्राम आज भी आगे है। यहां की रेजिडेंशियल रेंटल यील्ड 4 से 4.5 फीसदी के करीब है, जो पूरे एनसीआर में सबसे ज्यादा है।
नोएडा में कीमतों में बंपर उछाल: नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पिछले 5 सालों में किराए तो बढ़े ही हैं, लेकिन जमीन और फ्लैट्स की कीमतों में ऐतिहासिक उछाल आया है। एक निजी रियल एस्टेट रिपोर्ट के मुताबिक, यमुना एक्सप्रेसवे के पास पिछले 5 सालों में अपार्टमेंट की कीमतें 158% तक बढ़ी हैं, जबकि प्लॉट की कीमतें 5 गुना से भी ज्यादा हो चुकी हैं।
फाइनल वर्ड: आपके लिए कौन सा शहर है बेस्ट?
निवेश का अंतिम फैसला पूरी तरह आपकी प्राथमिकता पर निर्भर करता है:
गुरुग्राम किसे चुनना चाहिए? उन निवेशकों को जो मैच्योर कॉर्पोरेट इकोसिस्टम चाहते हैं, जहां प्रॉपर्टी खरीदते ही तुरंत भारी-भरकम रेंटल इनकम शुरू हो जाए।
नोएडा किसे चुनना चाहिए? उन लोगों के लिए जो लंबी अवधि में बहुत बड़ा कैपिटल गेन कमाना चाहते हैं। जेवर एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे का इलाका आने वाले दशकों में वैल्यू क्रिएशन का सबसे बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।