FD Rates: अगर आप भी अपनी सेविंग को सुरक्षित निवेश में लगाना चाहते हैं, तो एफडी आपके लिए एक भरोसेमंद विकल्प हो सकता है। एफडी में तय समय के लिए पैसा जमा करने पर आपको एक तय ब्याज दिया जाता है। यह निवेश सुरक्षित होता है और बाजार के जोखिमों का इस पर असर नहीं होता है। फिलहाल देश के बैंकों में एफडी पर ब्याज दरें 3% से 8% के बीच हैं। वहीं, सीनियर सिटीजन को आमतौर पर 0.5% एक्स्ट्रा ब्याज दिया जाता है, जिससे उन्हें बेहतर रिटर्न मिलता है।
छोटे बैंकों में सबसे ज्यादा ब्याज
सुर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक फिलहाल सबसे अधिक 8.05% सालाना ब्याज दे रहा है। इसके बाद जन स्मॉल फाइनेंस बैंक 8% और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक 7.65% ब्याज दे रहे हैं। इन बैंकों में अगर आप 3 साल या 5 साल की एफडी करते हैं तो आपको अधिक रिटर्न मिल सकता है। साथ ही सीनियर सिटीजन को 0.5% तक का एक्स्ट्रा ब्याज भी मिलता है। यानी अगर आप 60 साल से अधिक आयु के हैं तो ब्याज दर 8.5% तक पहुंच सकती है।
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में एफडी पर ब्याज दर 6.05% से 6.60% के बीच है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India) में भी ब्याज दर 6.40% से 6.60% तक रहती है। वहीं, बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda) 5 साल की एफडी पर लगभग 6.40% और 3 साल की एफडी पर 6.50% ब्याज दे रहा है। हालांकि ब्याज दरें यहां थोड़ी कम हैं, लेकिन सरकारी बैंकों पर सबसे ज्यादा भरोसा किया जा सकता है।
प्राइवेट बैंकों की ब्याज दरें
प्राइवेट बैंकों की बात करें तो एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) और एक्सिस बैंक (Axis Bank) तीनों ही अधिकतम 6.60% ब्याज दे रहे हैं। इन बैंकों में 1 साल की एफडी पर लगभग 6.25%, 3 सालों की एफडी पर 6.45% से 6.60%, और 5 साल की एफडी पर 6.40% से 6.60% तक ब्याज मिल रहा है। सीनियर सिटीजन को इन पर भी 0.50% एक्स्ट्रा ब्याज का लाभ मिलता है।