PPF vs Bank FD: बेहतर रिटर्न के लिए कौन-सा विकल्प है बेस्ट? 6 पॉइंट्स में समझे पूरा गणित
PPF vs Bank FD Return Tax Rules: सुरक्षित निवेश के लिए सिर्फ ब्याज दरों को देखकर फैसला लेना भारी भूल हो सकती है। बैंक FD और PPF, SCSS जैसी सरकारी योजनाओं के बीच टैक्स नियमों, लिक्विडिटी, जमा सीमा और सरकारी सुरक्षा में जमीन-आसमान का अंतर है। जानिए कौन-सी स्कीम आपको देगी सबसे तगड़ा पोस्ट-टैक्स रिटर्न और आपकी जरूरत के हिसाब से पैसे निकालने की आजादी
पैसा लगाने से पहले जमा की लिमिट, लॉक-इन अवधि, टैक्स नियम और सुरक्षा जैसे पहलुओं को समझना बेहद जरूरी है
Bank FD vs Small Savings Schemes: जब सुरक्षित निवेश की बात आती है, तो अधिकतर निवेशकों के सामने दो सबसे लोकप्रिय विकल्प होते हैं बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट और सरकारी छोटी बचत योजनाएं। अमूमन लोग सिर्फ ब्याज दरों को देखकर फैसला ले लेते हैं, लेकिन केवल ब्याज दर देखकर निवेश करना कई बार नुकसानदायक साबित हो सकता है।
अपनी गाढ़ी कमाई को सही जगह लगाने के लिए जमा सीमा, लॉक-इन अवधि, टैक्स नियम और सुरक्षा जैसे पहलुओं को समझना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं कि आपके लिए कौन-सा विकल्प बेहतर है:
1. ब्याज दरें
स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स: केंद्र सरकार हर तिमाही के लिए छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरें तय करती है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के लिए दरें स्थिर रखी गई हैं:
पब्लिक प्रॉविडेंट फंड(PPF): 7.1%
नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट(NSC): 7.7%
सीनियर सिटीजन्स सेविंग्स स्कीम(SCSS): 8.2%
5 साल की पोस्ट ऑफिस एफडी: 7.5%
बैंक एफडी: बैंक एफडी की दरें सरकारी योजनाओं की तरह एकसमान नहीं होतीं। अलग-अलग बैंक और अलग-अलग अवधि के हिसाब से ब्याज दरों में काफी अंतर होता है।
2. निवेश की सीमा
बैंक एफडी: बैंक एफडी में पैसे जमा करने की कोई अधिकतम सीमा नहीं होती। आप अपनी सुविधानुसार जितना चाहें उतना पैसा जमा कर सकते हैं।
स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स: इन योजनाओं में सख्त सालाना सीमा तय होती है:
PPF: एक वित्त वर्ष में अधिकतम ₹1.5 लाख ही जमा किए जा सकते हैं।
SCSS: इसमें अधिकतम जमा सीमा ₹30 लाख है।
3. लिक्विडिटी और लॉक-इन अवधि
बैंक एफडी: बैंक एफडी में पैसे निकालने की काफी सहूलियत मिलती है। अगर आपको समय से पहले पैसा निकालना पड़े, तो बैंक मामूली पेनल्टी काटकर पैसा दे देते हैं।
स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स: इनमें सख्त लॉक-इन पीरियड होता है:
PPF: यह 15 साल की लंबी अवधि की योजना है, जिसमें से पैसे निकालने के कड़े नियम हैं।
NSC: इसमें 5 साल का फिक्स्ड लॉक-इन होता है, यानी आपात स्थिति में तुरंत लिक्विडिटी की कमी महसूस हो सकती है।
4. टैक्स के नियम
टैक्स योग्य रिटर्न (FD, NSC, SCSS): बैंक एफडी, एनएससी और SCSS से मिलने वाला ब्याज आपकी कुल सालाना आय में जुड़ता है और आपके इनकम टैक्स स्लैब के अनुसार पूरी तरह से टैक्स योग्य होता है।
टैक्स-फ्री रिटर्न: पीपीएफ को EEE (Exempt-Exempt-Exempt) श्रेणी का दर्जा प्राप्त है। इसमें जमा राशि, मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी अमाउंट तीनों पूरी तरह से टैक्स-फ्री होते हैं। उच्च टैक्स स्लैब (30%) में आने वाले लोगों के लिए पीपीएफ का पोस्ट-टैक्स रिटर्न काफी फायदेमंद साबित होता है।
5. आय का जरिया vs वेल्थ क्रिएशन
नियमित आय के लिए: बुजुर्गों या पेंशनभोगियों के लिए पोस्ट ऑफिस एमआईएस (POMIS) और सीनियर सिटीजन स्कीम (SCSS) नियमित मंथली या क्वार्टरली इनकम का बेहतरीन जरिया हैं।
बैंक एफडी की सुविधा: बैंक एफडी में भी आप अपनी जरूरत के मुताबिक कम्युलेटिव (एकमुश्त रिटर्न) या नॉन-कम्युलेटिव (मंथली/क्वार्टरली ब्याज भुगतान) का विकल्प चुन सकते हैं।
लंबे समय में वेल्थ क्रिएशन: लंबे समय में बड़ा फंड बनाने के लिए PPF सबसे मजबूत और सुरक्षित जरिया माना जाता है।
6. सुरक्षा और गारंटी
स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स: इन सभी सरकारी योजनाओं में केंद्र सरकार की सोवरेन गारंटी होती है, जिससे आपका पैसा 100% सुरक्षित रहता है।
बैंक एफडी: बैंक में जमा आपकी राशि पर DICGC (RBI की संस्था) के तहत प्रति बैंक, प्रति जमाकर्ता अधिकतम ₹5 लाख तक का बीमा कवरेज मिलता है, जिसमें मूलधन और ब्याज दोनों शामिल हैं। जोखिम से बचने के लिए बड़ी रकम को एक ही बैंक में रखने के बजाय अलग-अलग बैंकों में बांटकर एफडी कराना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।