फिक्स्ड डिपॉजिट पर इंटरेस्ट रेट कमाने का बड़ा मौका है। श्रीराम फाइनेंस ने अलग-अलग पीरियड के एफडी पर इंटरेस्ट रेट बढ़ाने का ऐलान किया है। नए रेट्स 11 अक्टूबर यानी रविवार से लागू हो जाएंगे। एनबीएफसी ने शुक्रवार को इस बारे में बताया। इससे पहले 7 अक्टूबर को आरबीआई ने रेपो रेट बढ़ाया था।
15 महीने के एफडी पर अब 7.5 फीसदी इंटरेस्ट रेट
10 करोड़ रुपये तक का एफडी 12 महीने के लिए करने पर अब सालाना 7 फीसदी इंटरेस्ट रेट मिलेगा। पहले इंटरेस्ट रेट 6.85 फीसदी था। 15 महीने के एफडी पर इंटरेस्ट रेट 7.1 फीसदी से बढ़ाकर 7.5 फीसदी कर दिया गया है। हालांकि, यह सिर्फ डिजिटल चैनल से एफडी करने पर मिलेगा।
36 से 60 महीने के एफडी पर 7.85 इंटरेस्ट रेट
एनबीएफसी ने 18-23 महीने के एफडी का इंटरेस्ट रेट 7.05 फीसदी से बढ़ाकर 7.25 फीसदी कर दिया है। 24-35 महीने के एफडी पर अब 7.5 फीसदी इंटरेस्ट रेट मिलेगा। पहले इंटरेस्ट रेट 7.1 फीसदी था। 36 से 60 महीने के एफडी पर इंटरेस्ट रेट 7.5 फीसदी से बढ़ाकर 7.85 फीसदी कर दिया गया है।
सीनियर सिटीजंस और महिलाओं को ज्यादा इंटरेस्ट रेट्स
नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी ने कहा है कि सीनियर सिटीजंस को एफडी पर सालाना 0.50 फीसदी का अतिरिक्त इंटरेस्ट रेट मिलेगा। सीनियर सिटीजंस का मतलब 60 साल और इससे ज्यादा उम्र के व्यक्ति से है। इसके अलावा महिला डिपॉजिटर्स को भी अतिरिक्त 0.05 फीसदी का इंटरेस्ट मिलेगा। अपने एफडी को रिन्यू कराने वाले इनवेस्टर्स को अतिरिक्त 0.15 फीसदी इंटरेस्ट मिलेगा।
फिक्स्ड डिपॉजिट को स्टेबल आउटलुक के साथ AAA रेटिंग्स
श्रीराम फाइनेंस देश की सबसे बड़ी एनबीएफसी में से एक है। इसके फिक्स्ड डिपॉजिट को स्टेबल आउटलुक के साथ AAA रेटिंग्स हासिल है। यह रेटिंग क्रिसिल रेटिंग्स ने दी है। इस रेटिंग को सबसे सुरक्षित माना जाता है। इकरा इंडिया रेटिंग्स और केयर रेटिंग्स ने भी इसके एफडी को सबसे ज्यादा रेटिंग्स दी है।
RBI के रेपो रेट बढ़ाने के बाद एनबीएफसी बढ़ा रही इंटरेस्ट रेट्स
आरबीआई के रेपो रेट बढ़ाने के बाद बैंकों के भी अपने डिपॉजिट पर इंटरेस्ट रेट बढ़ाने की उम्मीद है। केंद्रीय बैंक ने 7 अक्टूबर को रेपो रेट 5.25 फीसदी से बढ़ाकर 5.50 फीसदी कर दिया था। इससे होम लोन और कार लोन महंगे हो जाएंगे। लेकिन, फिक्स्ड डिपिॉजिट पर पहले के मुकाबले ज्यादा इंटरेस्ट मिलेगा।