आजकल बेटियों को लेकर लोगों की सोच बदल रही है। बेटियां हर क्षेत्र में नाम करा रही हैं। विज्ञान, खेल, कला, इंजीनियरिंग, मीडिया, डिफेंस, एजुकेशन सहित करीब हर क्षेत्र में उनकी मौजूदगी बढ़ रही है। माता-पिता को सिर्फ उन्हें सक्षम बनाने पर फोकस करना है। अगर आप की भी बेटी है तो आप उसके बेहतर फ्यूचर के लिए आज ही एक बड़ा कदम उठा सकते हैं। सुकन्या समृद्धि योजना (एससवाय) में निवेश शुरू कर आप बेटी के हायर एजुकेशन के लिए बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं।
सिर्फ 15 साल तक स्कीम में करना होगा निवेश
Sukanya Samriddhi Yojana (SSY) सरकार की योजना है। इसलिए इसमें निवेश पूरी तरह से सुरक्षित है। इस योजना का शेयर बाजार से कोई संबंध नहीं है। इसका मतलब है कि इस योजना में आपके निवेश पर शेयर बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव का कोई असर नहीं पड़ता है। इस योजना में आपको सिर्फ 15 साल तक निवेश करना है। इस स्कीम में आपका इनवेस्टमेंट 21 साल में मैच्योर हो जाएगा। इसका मतलब है कि अगर आप बेटी के जन्म के ठीक बाद इस स्कीम में निवेश शुरू करते हैं तो बेटी के 21 साल के होने पर उसके लिए बड़ा फंड उपलब्ध होगा।
बेटी के हायर एजुकेशन के लिए आसानी से तैयार होता है बड़ा फंड
SSY से मिले पैसे से बेटी अपने भविष्य को बेहतर बना सकती है। वह अपनी पसंद के हिसाब से उच्च शिक्षा हासिल कर सकती है। वह पढ़ाई के लिए विदेश जा सकती है। उसे अपने सपने पूरे करने के लिए किसी की मदद पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसका मतलब है कि अपनी बेटी के लिए माता-पिता की छोटी सी शुरुआत उसकी सफलता के लिए बड़ा रास्ता बना सकती है।
10 साल तक की बेटी के लिए स्कीम में किया जा सकता है निवेश
सुकन्या समृ्द्धि योजना का फायदा कोई व्यक्ति अपनी दो बेटियों तक के लिए उठा सकता है। बेटी की उम्र 10 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इस योजना में आप जितनी जल्द निवेश शुरू करेंगे आपके लिए उतना बड़ा फंड तैयार होने की संभावना होगी। अगर आप बड़ा फंड तैयार करना चाहते हैं तो बेटी के जन्म के ठीक बाद इस स्कीम में निवेश शुरू कर सकते हैं। यह स्कीम इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80सी के तहत भी आती है। इसका मतलब है कि इसमें निवेश के अमाउंट पर आप डिडक्शन क्लेम कर सकते हैं। लेकिन, यह फायदा सिर्फ इनकम टैक्स की पुरानी रीजीम का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए उपलब्ध है।
यह सबसे ज्यादा इंटरेस्ट रेट वाली सरकारी स्कीमों में शामिल
इस स्कीम का इंटरेस्ट रेट अभी सालाना 8.2 फीसदी है। यह सभी सरकारी इनवेस्टमेंट स्कीमों में सबसे ज्यादा इंटरेस्ट रेट वाली स्कीम है। सरकार हर तिमाही इंटरेस्ट रेट की समीक्षा करती है। इस स्कीम में एक साल में मैक्सिमम 1.5 लाख रुपये निवेश करने की इजाजत है। अगर इसे मंथली इनवेस्टमेंट में बांटा जाए तो यह 12,500 रुपये आता है। चूंकि, यह लंबी अवधि की स्कीम है, जिससे इस स्कीम को कंपाउंडिंग का काफी फायदा मिलता है। इसका मतलब है कि आपके पैसे पर मिलने वाला इंटरेस्ट हर महीने मूलधन में जुड़ता जाता है और फिर उस पर आपको इंटरेस्ट मिलता रहता है।
मंथली 12500 निवेश करने पर बनेगा 71.8 लाख रुपये का फंड
अगर बेटी के जन्म के ठीक बाद आप इस स्कीम में निवेश शुरू करते हैं तो उसके 21 साल के होने तक बड़ा फंड तैयार हो जाता है। अगर आप हर महीने 12,500 रुपये का निवेश करते हैं तो 15 साल तक आप 22.5 लाख रुपये का कुल निवेश करेंगे। इस पर 8.2 फीसदी का सालाना इंटरेस्ट मिलेगा। 21 साल बाद आपकी बेटी के लिए 71.8 लाख रुपये का फंड तैयार हो जाएगा। इसमें 22.5 लाख रुपये के आपके निवेश पर 49.3 लाख रुपये का इंटरेस्ट शामिल है।
इनवेस्टर अपनी क्षमता के हिसाब से कम अमाउंट भी कर सकता है निवेश
अगर कोई व्यक्ति इस स्कीम में बेटी के 2 साल के होने पर निवेश शुरू करता है और हर महीने सिर्फ 10,000 रुपये का निवेश करता है तो 15 साल तक निवेश करने के बाद 21 साल में स्कीम में मैच्योर हो जाएगी। मैच्योरिटी पर बेटी के लिए 55,42,062 रुपये का फंड तैयार हो जाएगा। इसमें कुल निवेश का 18,00,000 रुपये और इंटरेस्ट का 37,42,062 रुपये शामिल हैं। खास बात यह है कि इस स्कीम के मैच्योरिटी अमाउंट पर किसी तरह का टैक्स नहीं लगता है। इसका मतलब है कि पूरा पैसा आपके हाथ में आता है।