आरबीआई के रेपो रेट बढ़ाने के बाद कई बैंकों ने अपने बेंचमार्क लेंडिंग रेट्स बढ़ा दिए हैं। इनमें पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक और तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक शामिल हैं। इससे होम लोन, कार लोन सहित दूसरे लोन महंगे हो जाएंगे।
आरबीआई ने 7 अक्टूबर को बढ़ाया था रेपो रेट
आरबीआई ने 7 अक्तूबर को रेपो रेट 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाया था। इसके बाद यह माना जा रहा था कि सरकारी बैंक, प्राइवेट बैंक सहित दूसरे बैंक अपने लोन का इंटरेस्ट बढ़ाएंगे। आरबीआई ने रेपो रेट 5.25 फीसदी से बढ़ाकर 5.50 फीसदी कर दिया है।
महंगाई को बढ़ने से रोकने के लिए बढ़ाया इंटरेस्ट रेट
आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी के सभी 6 सदस्यों ने रेपो रेट बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन किया। अगस्त में रिटेल इनफ्लेशन 4.82 फीसदी पर पहुंच गया। इस वजह से आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी ने रेपो रेट बढ़ाने का फैसला किया। पिछले कई महीनों से इनफ्लेशन लगातार बढ़ रहा है। इसकी वजह क्रूड की ऊंची कीमतें हैं। सितंबर में अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने इंटरेस्ट रेट 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाया था।
पंजाब नेशनल बैंक ने बढ़ाया इंटरेस्ट रेट
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपना रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाकर 8.10 फीसदी कर दिया है। यह 8 अक्टूबर से लागू हो गया है। इसमें 0.35 फीसदी का बैंक स्ट्रेटेजिक प्रीमियम शामिल है। बैंक ने अपने मार्जिन कॉस्ट ऑफ फंड्स-आधारित लेंडिंग रेट (MCLR) और बेस रेट में बदलाव नहीं किया है।
इन बैंकों ने भी इंटरेस्ट रेट में किया इजाफा
इंडियन बैंक ने रेपो लिंक्ड बेंचमार्क लेंडिंग रेट (RBLR) को 7.95 फीसदी से बढ़ाकर 8.20 फीसदी कर दिया है। बैंक ऑफ इंडिया ने अपना आरबीएलआर 7.90 फीसदी से बढ़ाकर 8.15 फीसदी कर दिया है। बैंक ऑफ इंडिया ने अपना रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट 8.10 फीसदी से बढ़ाकर 8.35 फीसदी कर दिया है। बैंक के आरबीएलआर का रेपो रेट कंपोनेंट 5.25 फीसदी से बढ़कर 5.50 फीसदी हो गया है। बैंक का मार्कअप 2.85 फीसदी पर अपरिवर्तित है।
IoB और यूको बैंक ने भी लोन महंगा किया
इंडियन ओवरसीज बैंक (IoB) ने भी रेपो बेस्ड लेंडिंग रेट 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाकर 8.35 फीसदी कर दिया है। यह भी 8 अक्टूबर से लागू हो गया है। तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक ने रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट 8.25 फीसदी से बढ़ाकर 8.50 फीसदी कर दिया है। यूको बैंक ने अपना रेपो लिंक्ड यूको फ्लोट रेट 8.05 फीसदी से बढ़ाकर 8.30 फीसदी कर दिया है। उसने यूको प्राइम को 5.25 फीसदी से बढ़ाकर 5.50 फीसदी कर दिया है। उसने अपना तीन महीने का टीबीएलआर 5.25 फीसदी से बढ़ाकर 5.30 फीसदी कर दिया है।