₹40,450 करोड़ के नए निवेश के साथ म्यूचुअल फंड्स के लिए शानदार रहा मार्च का महीना, जानें टॉप फंड्स ने अपने पोर्टफोलियो में क्या बदला?

Mutual Fund Inflows March: मार्च के महीने में इक्विटी म्यूचुअल फंड में नेट इन्फ्लो फरवरी के ₹25,978 करोड़ के मुकाबले बढ़कर मार्च में ₹40,450 करोड़ पर पहुंच गया। यह उछाल दिखा रहा है कि निवेशक अनिश्चितता के बीच भी इक्विटी फंड्स पर भरोसा जता रहे हैं

अपडेटेड Apr 15, 2026 पर 10:22 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मार्च में सभी श्रेणियों में सबसे ज्यादा ₹3,949.93 करोड़ का निवेश पराग पारिख फ्लेक्सी कैप फंड को मिला

Top Mutual Fund Portfolios: शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बावजूद मार्च का महीना म्यूचुअल फंड्स के लिए शानदार रहा। इक्विटी म्यूचुअल फंड में शुद्ध निवेश फरवरी के ₹25,978 करोड़ से बढ़कर मार्च में ₹40,450 करोड़ पर पहुंच गया। यह उछाल दिखाता है कि निवेशक अस्थिरता के बीच भी इक्विटी पर भरोसा जता रहे हैं। इन सब के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि फंड मैनेजरों ने यह पैसा लगाया कहां? आइए, प्रमुख कैटेगरी के टॉप फंड्स के पोर्टफोलियो बदलावों पर नजर डालते हैं:

निप्पॉन इंडिया लार्ज कैप फंड

इस फंड में मार्च के महीने में ₹1,043.59 करोड़ का नया निवेश हुआ। फंड मैनेजर शैलेश राज भान जोखिम को कम करने के लिए विविधता पर जोर दे रहे हैं। इनके पोर्टफोलियो में 65 स्टॉक्स हैं। मार्च में फंड ने श्रीराम फाइनेंस को अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया, जबकि ग्रासिम इंडस्ट्रीज, हनीवेल ऑटोमेशन और टाटा मोटर्स से बाहर निकल गए। इस महीने में फंड ने 'लो-टर्नओवर' रणनीति अपनाई है, यानी पोर्टफोलियो में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं किए गए हैं।


एचडीएफसी मिड कैप फंड

मिडकैप निवेशकों के बीच यह फंड पहली पसंद बना रहा और इसे ₹1,475.70 करोड़ का निवेश मिला है। चिराग सेतलवाड़ द्वारा प्रबंधित यह फंड 78 स्टॉक्स के साथ काफी संतुलित है। मार्च में इस फंड ने कोई नया स्टॉक नहीं खरीदा और न ही किसी को बेचा। यह फंड फिलहाल 'बाय-एंड-होल्ड' की रणनीति का पालन कर रहा है, जो दर्शाता है कि फंड मैनेजर अपने मौजूदा पोर्टफोलियो पर पूरा भरोसा रख रहे हैं।

बंधन स्मॉल कैप फंड

स्मॉलकैप कैटेगरी में इस बंधन स्मॉल फंड ने ₹1,571.93 करोड़ का बड़ा निवेश हासिल किया। मनीष गुणवानी 251 स्टॉक्स के साथ एक बहुत ही विस्तृत पोर्टफोलियो चला रहे हैं ताकि जोखिम कम रहे। मार्च में फंड ने SAIL, रिलायंस इंडस्ट्रीज, L&T और ऑयल इंडिया सहित 7 नए स्टॉक खरीदे। दिलचस्प बात यह है कि यह पूरी तरह स्मॉलकैप नहीं है; इसमें 15% मिडकैप और 4% लार्जकैप का भी तड़का है।

पराग पारिख फ्लेक्सी कैप फंड

मार्च में सभी श्रेणियों में सबसे ज्यादा ₹3,949.93 करोड़ का निवेश इसी फंड को मिला।राजीव ठक्कर के नेतृत्व में चल रहे इस फंड में सिर्फ 39 स्टॉक्स है, जो इनके हाई-मजबूत भरोसे को दर्शाता है। मार्च में इस फंड ने एक साथ 34 स्टॉक्स से विदाई ली, जिनमें बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील और पंजाब नेशनल बैंक जैसे बड़े नाम शामिल हैं। कोई नया स्टॉक नहीं जोड़ा गया। यह फंड काफी कंजरवेटिव रुख अपना रहा है, जिसमें 62.5% हिस्सा लार्जकैप में है।

कोटक मल्टीकैप फंड

मल्टीकैप कैटेगरी में ₹910 करोड़ के निवेश के साथ यह फंड सबसे आगे रहा। देवेंद्र सिंघल 71 स्टॉक्स के साथ एक संतुलित पोर्टफोलियो चला रहे हैं। मार्च में फंड ने केवल एक नया स्टॉक यूनाइटेड स्पिरिट्स शामिल किया। इसका पोर्टफोलियो लार्ज, मिड और स्मॉलकैप के बीच बहुत ही संतुलित (41:27:30) तरीके से बंटा हुआ है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।