Gold Silver Price Today: 10 दिन की गिरावट का सिलसिला थमा! सोना ₹1500 उछला, चांदी का भी बढ़ा भाव

Gold Silver Price Today: सोने की कीमतों में लगातार 10 कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट आखिरकार थम गई। सोमवार को सोना 1,500 रुपये उछल गया, जबकि चांदी भी महंगी हुई। शादी के सीजन में मांग बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी ने कीमतों को सहारा दिया। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Nov 23, 2026 पर 6:34 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना ₹1,500 महंगा होकर ₹1,26,800 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

Gold Silver Price Today: सोने की कीमतों में लगातार 10 कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट सोमवार को थम गई। दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना ₹1,500 महंगा होकर ₹1,26,800 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले शनिवार को इसका भाव ₹1,25,300 प्रति 10 ग्राम था।

कारोबारियों के मुताबिक, घरेलू मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से सोने को सहारा मिला। चांदी की कीमतों में भी उछाल आया। सोमवार को चांदी ₹2,000 महंगी होकर ₹1.57 लाख प्रति किलो पर पहुंच गई।

शादी के सीजन से बढ़ी सोने की मांग


HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी का असर घरेलू कीमतों पर भी पड़ा। इसके अलावा शादी का सीजन चलने से ज्वेलरी की मांग बढ़ने की उम्मीद है।

उनका कहना है कि हाल की गिरावट के बाद सोने की कीमतें खरीदारों के लिए पहले के मुकाबले आकर्षक हुई हैं। भारत और चीन में पिछले सप्ताह सोने की फिजिकल मांग में भी सुधार देखने को मिला।

निवेश प्लेटफॉर्म Mudrex के लीड क्वांट एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत के मुताबिक, घरेलू बाजार में कीमतें कम होने से खरीदार फिर से सोने की ओर लौटे हैं। रुपये में मामूली कमजोरी ने भी कीमतों को सहारा दिया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी चमके

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोमवार को स्पॉट गोल्ड 84.27 डॉलर यानी 2.38% चढ़कर 3,622.38 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमतों में 3.3% की तेजी आई और यह 42.59 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

अक्षत सिद्धांत के मुताबिक, पिछले सप्ताह सोने की कीमतों में करीब 9% की गिरावट आई थी। इसके बाद यह 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट की ब्याज दरों को लेकर टिप्पणी के बाद दिसंबर में फेडरल रिजर्व की ओर से दरें बढ़ाने की उम्मीद कमजोर हुई। इससे सोने की कीमतों को सहारा मिला।

आगे किन बातों पर रहेगी नजर?

LKP सिक्योरिटीज के वीपी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, अब निवेशकों की नजर अमेरिका के महंगाई और GDP से जुड़े आंकड़ों पर रहेगी। इनसे अमेरिकी अर्थव्यवस्था की स्थिति और फेडरल रिजर्व के अगले फैसलों के संकेत मिल सकते हैं।

डॉलर की चाल और वैश्विक आर्थिक घटनाक्रम का भी सोने-चांदी की कीमतों पर असर पड़ेगा। ऐसे में आने वाले दिनों में बुलियन बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

Gold Silver Price Today: MCX पर सोना-चांदी 2% चढ़ा, खरीदारी से पहले 3 अहम इवेंट्स पर करें फोकस

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।