निवेशकों ने जून में गिल्ट फंड्स में निवेश किए। मई में उन्होंने गिल्ट फंड (Gilt Fund) में बहुत कम निवेश किया था। पिछले महीने इनवेस्टर्स ने गिल्ट फंड्स में 396 करोड़ रुपये निवेश किए। मई में उन्होंने सिर्फ 127 करोड़ रुपये निवेश किए थे। सवाल है कि क्या यह गिल्ट फंड्स में निवेश करने का सही समय है? 28 फरवरी, 2023 को 10 साल के बेंचमार्क बॉन्ड की यील्ड 7.42 फीसदी के हाई लेवल पर पहुंच गई थी। उसके बाद से इसमें गिरावट देखने को मिली क्योंकि कई इनवेस्टर्स ने इंडेक्सेशन का फायदा उठाने के लिए म्यूचुअल फंड्स के जरिए लॉन्ग-टर्म गिल्ट में निवेश करना शुरू किए। पिछले महीने थोड़े समय के लिए 7 फीसदी के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसलने के बाद 10 जुलाई को 10 साल के बेंचमार्क सरकारी बॉन्ड की यील्ड बढ़कर 7.16 फीसदी पर पहुंच गई। इसकी वजह यह है कि लंबी अवधि के सरकारी बॉन्ड्स की डिमांड में आई तेजी ज्यादा समय के लिए नहीं टिक सकी। इससे यील्ड में उछाल आया।
