Gold Price: सोने की कीमतें एक बार फिर तेजी से बढ़ रही हैं। सोना एक बार फिर अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच चुका है। साल 2024 में दीपावली के दिन 24 कैरेट सोने की कीमत 78000 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो अब 82,000 रुपये के पार हो गई है। एक्सपर्ट का कहना है कि आने वाले महीनों में सोने की कीमतों में और भी इजाफा हो सकता है।
सोने की बढ़ती कीमत का कारण?
वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री रवि सर्राफ ने बताया कि सोना निवेश के लिए सबसे सुरक्षित विकल्प बन चुका है। पिछले कुछ सालों में सोने पर करीब 10-12% का सालाना रिटर्न मिल रहा है। यही कारण है कि निवेशक सोने की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे बाजार में इसकी मांग बढ़ गई है। इसके अलावा चीन सहित अन्य देशों के सेंट्रल बैंक भी भारी मात्रा में सोना खरीद रहे हैं। इस वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। भारत में सोने के महंगे होने का एक और कारण डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी है, जो सोने की कीमतों को प्रभावित कर रहा है।
24 दिनों में 4,250 रुपये महंगा हुआ सोना
आंकड़ों के मुताबिक 1 जनवरी 2025 को 24 कैरेट सोने की कीमत 78,000 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। यह कीमत 24 जनवरी 2025 तक बढ़कर 82,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। यानी सिर्फ 24 दिनों में सोने की कीमत 4,250 रुपये प्रति 10 ग्राम तक बढ़ गई है।
क्या बजट के बाद सोने में और आएगी तेजी?
कई मार्केट एक्सपर्ट का मानना है कि सरकार बजट में इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ा सकती है। सरकार ने पिछले बजट साल 2024 में सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी 15 फीसदी से घटाकर 6 फीसदी कर दी थी। उसके बाद सोने का भाव 82,000 रुपये से सीधे 76000 रुपये के आसपास आ गया था। इंपोर्ट ड्यूटी घटने से सोने का इंपोर्ट बढ़ गया जिसके कारण फिस्कल डेफिसिट पर असर पड़ा। यही कारण है कि ज्यादतर एक्सपर्ट का मानना है कि सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाई जा सकती है। अगर ऐसा होता है सोने के भाव में आगे तेजी देखने को मिलेगी।
दिसंबर 2025 तक 90,000 रुपये हो सकती है सोने की कीमत?
जून 2025 तक सोने की कीमत 85,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है। वहीं, दिसंबर 2025 तक इसके 90,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक जाने का अनुमान है। यह अनुमान पिछले सालों के मौजूदा बाजार रुझानों के आधार पर लगाया गया है। रवि सर्राफ ने कहा कि सोना निवेश के लिए हमेशा सुरक्षित विकल्प रहा है। अगर कोई निवेशक लंबे समय के लिए सुरक्षित और अच्छा रिटर्न पाना चाहता है, तो यह समय सोने में निवेश के लिए सही हो सकता है।
जो लोग सोने में निवेश करने की योजना बना रहे हैं, उन्हें बाजार की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए। एक्सपर्ट का कहना है कि आने वाले समय में भी सोने की मांग बढ़ने की संभावना है, जिससे इसकी कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।