Gold Price: अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 2.5% चढ़ा, चांदी में भी 3% का उछाल; US-ईरान समझौते से बढ़ी चमक

Gold Price: अगस्त में डिलीवरी वाला यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 2.5 प्रतिशत बढ़कर 4,343.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी की कीमत 3.3 प्रतिशत बढ़कर 70.19 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है

अपडेटेड Jun 15, 2026 पर 12:44 PM
फरवरी के आखिर में ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल युद्ध शुरू होने के बाद से सोने की कीमतों में लगभग 20 प्रतिशत की गिरावट आई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में 2.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई। हाजिर भाव 4,323.29 डॉलर प्रति औंस पर है। अगस्त में डिलीवरी वाला यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 2.5 प्रतिशत बढ़कर 4,343.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। दरअसल अमेरिका और ईरान के अधिकारी एक शुरुआती समझौते पर पहुंच गए हैं, जिससे तेल की कीमतें कम हुईं और महंगाई व ऊंची ब्याज दरों को लेकर चिंताएं कम हुईं। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स इस वक्त 4 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट के साथ 83.49 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि दोनों देश युद्ध खत्म करने और होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से आवाजाही फिर से शुरू करने के लिए एक शुरुआती समझौते पर पहुंच गए हैं। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच 28 फरवरी 2026 से जारी युद्ध के कारण होर्मुज स्ट्रेट तीन महीने से अधिक समय से लगभग बंद है। इसके चलते दुनिया को लाखों बैरल तेल और गैस की आपूर्ति का नुकसान हुआ है।

रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान के उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि 60 दिनों के सीजफायर (युद्धविराम) के दौरान एक ज्यादा व्यापक समझौते पर बातचीत की जाएगी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि डील शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में साइन होगी। कहा जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच सुलह कराने के लिए पाकिस्तान ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई है।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का हाल

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी यानि कि स्पॉट सिल्वर की कीमत 3.3 प्रतिशत बढ़कर 70.19 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है। प्लेटिनम 2.8 प्रतिशत बढ़कर 1,765.40 डॉलर और पैलेडियम 3.3 प्रतिशत बढ़कर 1,323.22 डॉलर हो गया।

Gold Price Today: सप्ताह के पहले दिन सोना टूटा; दिल्ली, लखनऊ में ₹136790 पर 22 कैरेट; चेक करें अपने शहर का भाव

युद्ध शुरू होने के बाद से सोने की कीमतों में लगभग 20 प्रतिशत की गिरावट 

फरवरी के आखिर में ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल युद्ध शुरू होने के बाद से सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में लगभग 20 प्रतिशत की गिरावट आई है। होर्मुज स्ट्रेट के प्रभावी रूप से बंद होने से वैश्विक तेल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। इस युद्ध से महंगाई की चिंताएं बढ़ीं और अनुमान जताए गए कि ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची बनी रह सकती हैं। ऊंची ब्याज दरों वाले माहौल में सोने-चांदी का आकर्षण कम हो जाता है क्योंकि यह बिना रिटर्न वाले एसेट हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।