15 जून को वायदा कारोबार में सोना शानदार परफॉर्म कर रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त में डिलीवरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट का वायदा भाव पिछली क्लोजिंग से 3301 रुपये तक उछला। अमाउंट 153829 रुपये प्रति 10 ग्राम के हाई तक गया। जबरदस्त तेजी की वजह है अमेरिका और ईरान का एक शुरुआती समझौते पर पहुंचना। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि दोनों देश युद्ध खत्म करने और होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से आवाजाही फिर से शुरू करने के लिए एक शुरुआती समझौते पर पहुंच गए हैं।
रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान के उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि 60 दिनों के सीजफायर (युद्धविराम) के दौरान एक ज्यादा व्यापक समझौते पर बातचीत की जाएगी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि डील शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में साइन होगी।
इस डेवलपमेंट के बाद कच्चे तेल की कीमत गिरी और महंगाई व ऊंची ब्याज दरों को लेकर चिंता कम हुई। ऊंची ब्याज दरों वाले माहौल में सोने-चांदी का आकर्षण कम हो जाता है क्योंकि यह बिना रिटर्न वाले एसेट हैं। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स इस वक्त 4 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट के साथ 83.49 डॉलर प्रति बैरल और U.S. वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड फ्यूचर्स लगभग 5 प्रतिशत गिरावट के साथ 80.68 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।
MCX पर जुलाई में डिलीवरी वाले सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट का वायदा भाव पिछली क्लोजिंग से 7159 रुपये बढ़कर 253345 रुपये प्रति किलोग्राम के हाई तक गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी यानि कि स्पॉट सिल्वर की कीमत 3.3 प्रतिशत बढ़कर 70.19 डॉलर प्रति औंस पर है। वहीं सोने का हाजिर भाव 2.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 4,323.29 डॉलर प्रति औंस पर है। अगस्त में डिलीवरी वाला यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 2.5 प्रतिशत बढ़कर 4,343.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। फरवरी के आखिर में ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल युद्ध शुरू होने के बाद से सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में लगभग 20 प्रतिशत की गिरावट आई है।