Gold Price Today: शुक्रवार 24 जनवरी 2025 को शुरुआती कारोबार में सोने की कीमतें अपने रिकॉर्ड ऊंचाई से कुछ नीचे आ गईं। सोने के भाव में लगातार आ रही तेजी को आज ब्रेक लग गया है। सुबह सोने के भाव फ्लैट खुले और शुरुआत में कल के दाम पर ही ट्रेड करते नजर आए। लेकिन वैश्विक बाजारों की कमजोरी का असर भारतीय बाजारों पर भी नजर आने लगा। सोने के भाव में गिरावट आने लगी। निवेशक अब अमेरिका के PMI डेटा और ट्रेड पॉलिसी को लेकर नई पॉलिसी साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।
22 कैरेट और 24 कैरेट सोने के दाम
24 कैरेट सोना अपनी शुद्धता और क्वालिटी के लिए जाना जाता है। वहीं, 22 कैरेट सोना अपनी मजबूती और खूबसूरती के कारण ज्वैलर्स की पहली पसंद रहता है। शुक्रवार को 24 कैरेट सोने का भाव प्रमुख शहरों में 82,080 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट का 75,240 रुपये रहा। गुरुवार को सोने का भाव अपनी रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार कर रहा था।
दिल्ली और मुंबई में सोने के दाम
दिल्ली में 24 कैरेट सोना 10 रुपये की गिरावट के साथ 82,240 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि 22 कैरेट सोना 75,390 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दर्ज हुआ। मुंबई में 24 कैरेट सोने का भाव 82,080 और 22 कैरेट सोना 75,240 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।
शुक्रवार को चांदी की कीमत 100 रुपये गिरकर 96,400 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। गुरुवार को चांदी 96,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। कमजोर घरेलू मांग के कारण चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। इस हफ्ते सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई तक पहुंची, लेकिन शुक्रवार को इनमें ठहराव देखने को मिला है। वहीं, चांदी की कीमतें सीमित दायरे में कारोबार कर रही हैं। निवेश की कमजोर डिमांड चांदी के भाव को ज्यादा बढ़ने नहीं दे रही।
कैसे तय होती है भारत में सोने की कीमत
भारत में सोने की कीमतें मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजार दर, इंपोर्ट ड्यूटी, टैक्स और एक्सचेंज रेट के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करती हैं। इन कारकों के आधार पर ही देशभर में सोने के दाम तय किए जाते हैं। भारत में सोने को न केवल निवेश के लिए बल्कि सांस्कृतिक और पारंपरिक महत्व के कारण भी खास माना जाता है। शादी और त्योहारों के सीजन में सोने की मांग बढ़ जाती है।