Gold Price Today: शादी और त्योहारी सीजन से बढ़ी डिमांड, नए शिखर पर सोना; अब आगे कहां जाएगा भाव?

Gold Price Today: सोने की कीमतें ₹1.10 लाख प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंचीं। त्योहार और शादी की मांग के साथ वैश्विक कारकों ने तेजी दी है। अब सवाल यह है कि रिकॉर्ड स्तर पर उपभोक्ता खरीदारी जारी रखेंगे या मंदी आएगी।

अपडेटेड Sep 10, 2025 पर 5:16 PM
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 0.3% बढ़कर $3,635.32 प्रति औंस हो गया।

Gold Price Today: भारत में बुधवार, 10 सितंबर को सोने की कीमत (Gold Price Today) नए शिखर पर पहुंच गई। 24 कैरेट सोना ₹1.10 लाख प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड हुआ। इस तेजी की वजह त्योहार और शादी के सीजन की मजबूत मांग के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर तेजी रही। इसे अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और भू-राजनीतिक तनाव ने और बल दिया।

गोल्ड की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच चुकी हैं। इसलिए कुछ परिवार गहनों की खरीदारी टाल सकते हैं, जो कीमतों को लेकर ज्यादा संवेदनशील रहते हैं। हालांकि, एक्सपर्ट का मानना है कि त्योहारों की मांग और निवेश के लिए खरीदारी गोल्ड को सहारा देती रहेगी।

घरेलू बाजार में सोने की मांग बरकरार


इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के वाइस प्रेसिडेंट अक्षय कम्बोज का कहना है, 'त्योहार और शादी का सीजन शुरू होने के चलते घरेलू मांग बनी हुई है। हालांकि इन ऊंची कीमतों से कुछ परिवार हिचक सकते हैं। इसके बावजूद निवेश के लिए खरीद और ETF इनफ्लो जारी रहने की उम्मीद है।'

Gold Rate: पहली बार 1.06 लाख रुपये हुआ 10 ग्राम गोल्ड, सोने ने बनाया नया रिकॉर्ड - gold rate first time in india gold reach at level of rupee 106000 per 10

एस्पेक्ट बुलियन एंड रिफाइनरी के सीईओ दर्शन देसाई का मानना है कि गोल्ड में मुनाफावसूली हो सकती है, लेकिन गिरावट आते ही खरीदार सक्रिय होंगे। उन्होंने कहा, 'भू-राजनीतिक तनाव और फेडरल रिजर्व द्वारा उम्मीद से अधिक ब्याज दर कटौती की संभावना सोने को सपोर्ट देती रहेगी। हालांकि, त्योहारों के दौरान रिकॉर्ड दाम उपभोक्ता मांग को कितना प्रभावित करेंगे, यह देखने वाली बात रहेगी।'

वैश्विक बाजार में भी चमका सोना

अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 0.3% बढ़कर $3,635.32 प्रति औंस हो गया। मंगलवार (9 सितंबर) को सोना अब तक के सबसे ऊंचे स्तर $3,673.95 प्रति औंस पर पहुंचा था। एनालिस्टों के मुताबिक, ग्लोबल मार्केट में गोल्ड की कीमतें बढ़ने के पीछे कई कारण हैं।

  • बाजार फेड की सितंबर बैठक में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती को लगभग तय मान रहा है।
  • अमेरिकी अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है। सभी प्रमुख आंकड़े इस बात की पुष्टि कर रहे हैं।
  • मध्य पूर्व और मध्य एशिया में जारी संघर्ष से सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग बढ़ी है।
  • केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीद और ETF इनफ्लो से निवेशकों का गोल्ड में भरोसा बढ़ा है।

Gold Price: पांच साल में 2.50 लाख रुपये होगा सोना! जानिये क्यों बढ़ सकती है इतनी कीमत - gold rate today gold price will be two and half lakh in next 5

अब आगे कैसी रहेगी गोल्ड की चाल

मेहता इक्विटीज में वीपी (कमोडिटीज) राहुल कलंत्री मानना है कि सोना अस्थिर बना रहेगा। उन्होंने कहा, 'भारत में सोने को ₹1.08 लाख से 1.07 लाख प्रति 10 ग्राम पर सपोर्ट और ₹1.08 लाख से 1.09 लाख प्रति 10 ग्राम पर रेसिस्टेंस मिल रहा है।' सोना 2025 में अब तक 38% चढ़ चुका है, जबकि 2024 में इसमें 27% की बढ़त दर्ज हुई थी।

बाजार की नजर अब अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और फेडरल रिजर्व की सितंबर पॉलिसी पर है। एक्सपर्ट का मानना है कि कीमतों में मजबूती बनी रह सकती है। वहीं, भारतीय बाजार में अगला ट्रेंड इस पर निर्भर करेगा कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ता रिकॉर्ड ऊंचे दामों पर कितनी खरीदारी करते हैं।

यह भी पढ़ें : 18 और 22 कैरेट की गोल्ड ज्वेलरी बनवाने पर कितना देना होगा टैक्स, समझिए पूरा कैलकुलेशन

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।