Get App

Gold Price Today: दिवाली से एक दिन पहले गोल्ड 82,000 रुपये के पार, चेक करें दाम

Gold Price Today: दिवाली के मौके पर सोने की मांग में जबर्दस्त तेजी देखने को मिली, जिसके चलते बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत पहली बार 1,000 रुपये बढ़कर 82,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गई

MoneyControl Newsअपडेटेड Oct 31, 2024 पर 12:59 AM
Gold Price Today: दिवाली से एक दिन पहले गोल्ड 82,000 रुपये के पार, चेक करें दाम
Gold Silver Price: दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,000 रुपये बढ़कर 82,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया।

Gold Price Today: दिवाली के मौके पर सोने की मांग में जबर्दस्त तेजी देखने को मिली, जिसके चलते बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत पहली बार 1,000 रुपये बढ़कर 82,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,000 रुपये की वृद्धि के साथ 82,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव भी बढ़कर 82,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।

व्यापारियों का कहना है कि दिवाली पर आभूषणों की बढ़ती मांग और भू-राजनीतिक अस्थिरता के चलते स्थानीय ज्वैलर्स की भारी खरीदारी हो रही है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतें मजबूत रुख बनाए हुए हैं। पिछले वर्ष 29 अक्टूबर को सोने का भाव 61,200 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब 35 प्रतिशत बढ़कर 82,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।

चांदी की कीमत में भी जोरदार उछाल आया है, जो 1,300 रुपये बढ़कर 1.01 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई। पिछले सत्र में चांदी का भाव 99,700 रुपये प्रति किलोग्राम था। पिछले वर्ष के मुकाबले चांदी की कीमतों में भी 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जब यह 74,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई है। कॉमेक्स पर सोना वायदा 0.60 प्रतिशत या 16.80 डॉलर की वृद्धि के साथ 2,797.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका और जापान में बढ़ती राजनीतिक अनिश्चितता और ब्याज दरों के बारे में और संकेतों की उम्मीद के चलते निवेशकों का रुझान सोने की ओर बढ़ा है, जिससे इसकी कीमतों में उछाल आया है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें