Credit Cards

Gold Rate Today: सोने की कीमतों में क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट, आपको क्या करना चाहिए?

इंडिया में कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स में गोल्ड फ्यूचर्स 3,565 रुपये यानी 3.69 फीसदी गिरकर 92,985 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा था। देश और विदेश में गोल्ड की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ को लेकर बड़ी डील है

अपडेटेड May 12, 2025 पर 2:37 PM
Story continues below Advertisement
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 1.4 फीसदी गिरकर 3,277.84 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था।

सोने में 12 मई को बड़ी गिरावट आई। देश और विदेश दोनों मार्केट्स में गोल्ड में बिकवाली देखने को मिली। इंडिया में कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स में गोल्ड फ्यूचर्स 3,565 रुपये यानी 3.69 फीसदी गिरकर 92,985 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा था। देश और विदेश में गोल्ड की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ को लेकर बड़ी डील है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस डील के बारे में बताया। इधर, 10 मई को इंडिया और पाकिस्तान के बीच सीजफायर हो गया।

यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 2% लुढ़का

अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड (Spot Gold) 1.4 फीसदी गिरकर 3,277.84 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। यूएस गोल्ड फ्यूचर्स (US Gold Futures) 2 फीसदी लुढ़कर 3,279.20 डॉलर प्रति औंस पर था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि गोल्ड की कीमतों पर सबसे ज्यादा असर ट्रेड वॉर घटने की उम्मीद से पड़ा है। अमेरिकी सरकार के अधिकारियों ने 11 मई को चीन के साथ ट्रेड डील होने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस डील से अमेरिका के व्यापार घाटे में कमी आएगी। चीन की तरफ से इस डील की पुष्टि की गई। चीन के अधिकारियों ने कहा कि अमेरिका के साथ डील पर सहमति बन गई है।


22 अप्रैल को गोल्ड ऑल-टाइम पर पहुंच गया था

जियोपॉलिटिकल टेंशन और टैरिफ वॉर कम होने की उम्मीद से गोल्ड में बिकवाली देखने को मिली। आम तौर पर दुनिया में उथलपुथल बढ़ने पर गोल्ड की चमक बढ़ जाती है। इसकी वजह यह है कि इसे निवेश का सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है। रिस्क बढ़ने पर लोग शेयरों से पैसे निकाल गोल्ड में लगाते हैं। रिस्क घटने पर लोग गोल्ड से पैसे निकाल शेयरों में लगाते हैं। ध्यान देने वाली बात है कि 22 अप्रैल को गोल्ड की कीमतों ने ऊंचाई के नए रिकॉर्ड बनाए थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड 3,500 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था। भारत में सोना 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम को पार कर गया था।

यह भी पढ़ें: आज के Gold के भाव

आपको क्या करना चाहिए?

ब्रोकरेज फर्म रिलायंस सिक्योरिटी के सीनियर कमोडिटी एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी ने कहा, "चीन के साथ टैरिफ को लेकर बातचीत में अच्छी प्रगति से डॉलर इंडेक्स चढ़ा है। स्विट्जरलैंड में दोनों देशों के बीच बीते हफ्ते के अंत में बातचीत हुई। इसका असर सोने की कीमतों पर पड़ा।" उन्होंने कहा कि शॉर्ट टर्म में गोल्ड की कीमतों में गिरावट जारी रहने के आसार हैं। डॉलर में मजबूती का असर सोने पर पड़ेगा। इसका मतलब है कि शॉर्ट टर्म में सोना गिरकर 3,200 डॉलर तक जा सकता है। इंडिया में गोल्ड फ्यूचर्स 90,000 के नीचे पहुंच सकता है। निवेशक गिरावट पर सोने में खरीदारी कर सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।