Aaj ka sone ka bhav : सोने (Gold) में 3 अगस्त को हल्का दबाव देखने को मिला। कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स पर करीब 2 बजे सोने का भाव (Gold Futures) 16 रुपये यानी 0.03 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 59,111 रुये प्रति 10 ग्राम था। 2 अगस्त को एमसीएक्स पर सोने का बंद भाव 59,127 रुपये था। विदेशी बाजार में भी सोने में कमजोरी देखने को मिली। गोल्ड फ्यूचर्स 2.9 डॉलर यानी 0.15 फीसदी गिरकर 1,972 डॉलर प्रति औंस था। सिल्वर फ्यूचर्स 0.22 फीसदी की मजबूती के साथ 23.80 डॉलर प्रति औंस था। सोने पर दबाव की वजह डॉलर इंडेक्स में आई मजबूती को माना जा रहा है। यह 102 के लेवल के ऊपर बना हुआ है।
अमेरिकी सॉवरेन रेटिंग घटने का असर
2 अगस्त को गोल्ड फ्यूचर्स में मजबूती देखने को मिली थी। इसकी वजह अमेरिकी सॉवरेन रेटिंग में गिरावट है। रेटिंग एजेंसी Fitch ने अमेरिकी सॉवरेन रेटिंग AAA से घटाकर AA+ कर दी है। इस खबर से दुनिया भर के शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट आई थी। जब कभी दुनिया में क्राइसिस के संकेत मिलते हैं, सोने में खरीदारी बढ़ जाती है। इस वजह से इसकी कीमतों में उछाल आता है।
कमोडिटी एनालिस्ट ने गोल्ड में तेजी पर खरीदारी की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इकोनॉमी में अनिश्चितता बढ़ने पर गोल्ड की चमक बढ़ सकती है। उन्होंने बाताया कि गोल्ड में पहले 59,200 रुपये पर सपोर्ट है। इस लेवल के टूटने के बाद सोने को 59,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर सपोर्ट मिलेगा। इसमें रेसिस्टेंस 59,700 रुपये पर दिख रहा है। इस लेवल को पार करने के बाद सोने को 60,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रेसिस्टेंस मिलेगा। आज गोल्ड में तेजी पर 59,200-59,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खरीदारी की जा सकती है। स्टॉपलॉस 59,000 रुपये पर लगाना होगा। टारगेट 59,700 से 59,800 रुपये प्रति 10 ग्राम होगा।
सोने के हाजिर भाव में 2 अगस्त को गिरावट आई थी। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 180 रुपये गिरकर 60,250 रुपये पर था। चांदी में भी गिरावट का रुख था. यह 400 रुपये गिरकर 76,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। गोल्ड फ्यूचर्स में इस साल 7.99 फीसदी मजबूती देखने को मिली है। चांदी में इस साल अब तक 5.11 फीसदी की मजबूती आई है।