दिल्ली सर्राफा बाजार में 13 नवंबर को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई। शुक्रवार को सोना लगातार चौथे दिन गिरकर बंद हुआ। 99.9% शुद्धता वाला सोना 2,500 रुपये टूटकर ₹1,40,900 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी की कीमत में भी ₹3,500 प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई।
चांदी एक दिन में 3500 रुपये गिरी
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, गुरुवार को सोना ₹1,43,400 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। शुक्रवार को यह घटकर ₹1,40,900 पर आ गया। चांदी भी पिछले सत्र में स्थिर रहने के बाद आज काफी गिर गई। इसकी कीमत ₹3,500 घटकर ₹1,84,000 प्रति किलोग्राम रही। पिछले कारोबारी सत्र में यह ₹1,87,500 प्रति किलोग्राम पर थी।
सोने-चांदी में गिरावट की वजहें
सोने की कीमतों पर दिवाली के बाद कमजोर खुदरा मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नरमी का असर पड़ा है। HDFC Securities के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने की कीमतें कमजोर वैश्विक संकेतों और त्योहारी सीजन के बाद सुस्त मांग के कारण दबाव में रहीं।
सोने के मुकाबले चांदी में ज्यादा कमजोरी
Giottus.com के CEO विक्रम सुब्बुराज ने कहा कि चांदी में भी तेज करेक्शन देखने को मिल रहा है। अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी और डॉलर में मजबूती से कीमती धातुओं पर दबाव बना है। उनके मुताबिक, चांदी की कीमतों में सोने के मुकाबले ज्यादा गिरावट दिख रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में मामूली रिकवरी
वैश्विक बाजार में गुरुवार की तेज गिरावट के बाद शुक्रवार को सोने की कीमत में कुछ रिकवरी देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड करीब 27.21 डॉलर यानी 1% बढ़कर 3,904.87 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे पहले पिछले सत्र में इसमें करीब 3% की गिरावट आई थी और यह 3,877.52 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था। हालांकि, चांदी की कीमत में खास बदलाव नहीं हुआ। यह करीब 50.04 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही।
ट्रंप के बयान से सोने में बढ़ी बिकवाली
सौमिल गांधी के मुताबिक, गुरुवार को 52 हफ्ते का नया निचला स्तर छूने के बाद शुक्रवार को सोना 3,900 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना रहा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद सोने में बिकवाली तेज हुई, जिसमें उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन को तेहरान के साथ शांति समझौते की जरूरत नहीं है। इससे तत्काल कूटनीतिक समाधान की उम्मीदों को झटका लगा।
अमेरिकी इकोनॉमी के डेटा पर लगी नजरें
अब निवेशकों की नजर अमेरिका के प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (PPI) और कोर PPI के आंकड़ों पर है। इनसे महंगाई के रुझान और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर संकेत मिल सकते हैं। फेड अधिकारियों की स्पीच पर भी बाजार की नजर रहेगी। इससे दिसंबर में फेड के रुख का संकेत मिलेगा।
सोने-चांदी में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद
LKP Securities के VP रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, डॉलर की चाल के कारण आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों को भी सपोर्ट मिल रहा है। इससे महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं और अमेरिकी केंद्रीय बैंक की ओर से सख्त मौद्रिक नीति अपनाए जाने की आशंका मजबूत हो रही है। इसका असर सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं पर पड़ रहा है।