Gold Silver Prices Today: दिल्ली में सोना 1300 रुपये गिरा, चांदी 1600 रुपये फिसली

Gold Silver Prices Today: दिल्ली सर्राफा बाजार में 21 अक्टूबर को सोना 1,300 रुपये गिरकर 1,49,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी 1,600 रुपये गिरकर 2,13,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। रुपये में मजबूती और क्रूड में उछाल का असर सोने की कीमतों पर दिखा

अपडेटेड Oct 21, 2026 पर 7:55 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में हल्की यानी 0.20 फीसदी की तेजी दिखी।

Gold Silver Prices Today: दिल्ली सर्राफा बाजार में 21 अक्तूबर को सोने और चांदी में गिरावट आई। रुपये में मजबूती, क्रूड में उछाल और अंतरराष्ट्रीय बाजार के कमजोर संकेतों का असर सोने की घरेलू कीमतों पर पड़ा। सोना 1,300 रुपये गिरकर 1,49,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।

चांदी 1600 रुपये गिरकर 2,13,400 रुपये पर

दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 1,600 रुपये गिरकर 2,13,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। एलकेपी सिक्योरिटीज के एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी ने कहा कि रुपये में मजबूती का असर सोने की घरेलू कीमतों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर अभी ट्रेंड कमजोर बना हुआ है। क्रूड ऑयल की कीमतें हाई लेवल पर बनी हुई है, जिससे महंगाई बढ़ने का खतरा बढ़ा है।


रुपये में मजबूती का असर सोने पर दिखा

बुधवार को भी डॉलर के मुकाबले रुपये में तेजी देखने को मिली। यह 48 पैसे की मजबूती के साथ 94.43 के लेवल पर बंद हुआ। आरबीआई ने रुपये को गिरने से बचाने के लिए कई कदम उठाए थे, जिनका असर दिख रहा है। रुपये पर दबाव काफी बढ़ जाने के बाद आरबीआई ने कई कदम उठाए थे।

अमेरिका-ईरान में टेंशन कम होने के संकेत नहीं

पीएल कैपिटल में कमोडिटीज हेड आशीष राजोदिया ने कहा कि घरेलू बाजार में चांदी में भी गिरावट आई। हालांकि, ईरान के साथ शांति समझौते की उम्मीद से कुछ समय के लिए ऑयल की कीमतें नीचे आई थीं। इससे सोने और चांदी में तेजी दिखी थी। लेकिन, यह तेजी ज्यादा देर तक नहीं टिकी। इसकी वजह ईरान का बयान है, जिसमें उसने कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत की बहुत कम उम्मीद है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में दिखी हल्की तेजी 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में हल्की यानी 0.20 फीसदी की तेजी दिखी। इसका भाव 4,132 डॉलर प्रति औंस चल रहा था। चांदी 0.63 फीसदी गिरकर 57.59 डॉलर प्रति औंस पर थी। ब्रेंट क्रूड का भाव 108 डॉलर प्रति बैरल चल रहा था। सुबह के मुकाबले इसमें थोड़ी नरमी दिखी। ब्रेंट क्रूड पिछले कई हफ्तों से 100 डॉलर प्रति बैरल के पार बना हुआ है।

क्रूड में उछाल का असर मॉनेटरी पॉलिसी पर पड़ेगा

कोटक नियो की कायनात चेनवाला ने कहा कि स्पॉट गोल्ड 4,126 डॉलर प्रति औंस के करीब चल रहा है, जबकि चांदी 57 डॉलर प्रति औंस के करीब है। क्रूड ऑयल की कीमतें हाई लेवल पर बनी रहने से मॉनेटरी पॉलिसी का आउटलुक जटिल दिख रहा है। हालांकि, अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और बॉन्ड यील्ड में नरमी से सोने और चांदी में गिरावट सीमित रही है।

यह भी पढ़ें: विदेश में बस चुकी बेटी को क्या भारत में पिता की खेती की जमीन में हिस्सा मिलेगा? जानिए क्या है नियम

बुलियन मार्केट की नजरें अगले हफ्ते फेड की मीटिंग पर 

चेनवाला ने कहा कि अभी अमेरिकी इकोनॉमी से जुड़े कोई महत्वपूर्ण डेटा आने वाले नहीं हैं। ऐसे में अगले कुछ सत्रों में सोने की कीमतों पर बॉन्ड मार्केट के हालात और क्रूड ऑयल की कीमतों का असर पड़ेगा। अगले हफ्ते अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की बैठक है। बुलियन मार्केट की नजरें फेड के फैसले पर होंगी। सितंबर में फेड ने इंटरेस्ट रेट 25 बेसिस प्लाइंट्स बढ़ाया था।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।