सोने में 29 जनवरी को भी तेजी जारी रही। गोल्ड 1973 के बाद पहली बार किसी एक महीने में सबसे ज्यादा रिटर्न देने की तरफ बढ़ रहा है। इस साल जनवरी में अब तक यह 28 फीसदी चढ़़ चुका है। सिल्वर भी 120 डॉलर प्रति औंस को पार कर गया। पहली बार चांदी इस ऊंचाई पर पहुंची है।
2 फीसदी उछाल के साथ गोल्ड 5514 डॉलर पहुंचा
29 जनवरी को स्पॉट गोल्ड 2.1 फीसदी चढ़कर 5,514.03 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। एक समय तो यह 5,594.82 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था। यूएस गोल्ड फ्यूचर्स (फरवरी डिलीवरी) 3.8 फीसदी के उछाल के साथ 5.508.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। एक्सपर्ट्स का कहना है कि आर्थिक और जियोपॉलिटिकल अनिश्चितताएं बढ़ने से बुलियन में लगातार तेजी दिख रही है।
दुनिया के सबसे गोल्ड ईटीएफ की होल्डिंग्स 4 साल के हाई पर
गोल्डसिल्वर सेंट्रल के मैनेजिंग डारेक्टर ब्रियन लैन ने कहा, "कीमतों धातुओं की चमक बढ़ी है। इसकी वजह यह है कि इनवेस्टर्स हमेशा उसी जगह पैसा लगाते हैं, जहां उन्हें ज्यादा रिटर्न मिलता है।" 28 जनवरी को क्रिप्टो-ग्रुप Tether के सीईओ ने कहा था कि वह अपने इनवेस्टमेंट पोर्टफोलियो का 10-15 फीसदी हिस्सा फिजिकल गोल्ड में डालने का प्लान बना रहे हैं। दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड ईटीएफ एसपीडीआर गोल्ड ट्रस्ट की होल्डिंग्स करीब 4 साल के सबसे हाई लेवल पर पहुंच गई है।
जियोपॉलिटिकल टेंशन बढ़ने से सोने और चांदी को लगे पंख
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 28 जनवरी को ईरान पर न्यूक्लियर डील के लिए दबाव बनाया। उधर, ईरान ने धमकी दी है कि अगर उस पर हमला हुआ तो वह अमेरिका, इजरायल और इनके सहयोगी देशों को करारा जवाब देगा। इससे जियोपॉलिटिकल टेंशन बढ़ा है। उधर, 28 जनवरी को अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने इंटरेस्ट रेट में बदलाव नहीं किए। अब मार्केट को जून में इंटरेस्ट रेट घटने की उम्मीद है।
दिल्ली में चांदी का भाव 4 लाख प्रति किलो के पार
इधर दिल्ली में 29 जनवरी को चांदी की कीमत 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार निकल गई। गोल्ड 1.83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम की ऊंचाई पर पहुंच गया। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, 29 जनवरी को लगातार चौथे दिन घरेलू बाजार में चांदी में तेजी दिखी। इस साल चांदी की कीमत 1,65,500 रुपये यानी 69.2 फीसदी चढ़ी है। 2025 के अंत में चांदी का भाव 2,39,000 रुपये प्रति किलो था।
2027 तक 8000 डॉलर तक जा सकता है गोल्ड
पीएल कैपिटल में रिटेल ब्रोकिंग के सीईओ संदीप रायचुरा ने कहा कि अब तक गोल्ड की कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर हमारे अनुमान काम नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह यह है कि दुनिया में अभी जो कुछ चल रहा है, वह एक शताब्दी में एक बार होता है। इसलिए गोल्ड की कीमतों में तेजी जारी रह सकती है। यह 2027 तक 8,000 डॉलर प्रति औंस को पार कर सकता है।