क्या आपकी उम्र 40 पार है और आपकी सेविंग्स पर्याप्त नहीं है? जानिए आपको क्या करना चाहिए

आपको हर महीने इनवेस्ट करने के अलावा अपने बोनस, इनसेंटिव और इस तरह के दूसरे फंड का भी निवेश करना होगा। इसके लिए आपको अपने खर्च को थोड़ा कंट्रोल करना पड़ सकता है

अपडेटेड Jun 01, 2022 पर 6:07 PM
देर से सेविंग शुरू करने वालों को ज्यादा रिटर्न की जगह अधिक सेविंग पर जोर देना चाहिए।

ज्यादातर लोग सेविंग्स (Savings) को ज्यादा महत्व नहीं देते। वे इसे टालते रहते हैं। फिर उम्र 40-45 होने पर वे चिंतित हो जाते हैं। उन्हें इस बात का अफसोस रहता है कि वे पर्याप्त सेविंग्स करने से चूक गए। इनमें से कई लोग तो ऐसे होते हैं, जिनके पास पैसे की कमी नहीं होती है। वे अच्छी सैलरी कमा रहे होते हैं, लेकिन वे सिर्फ इसलिए सेविंग्स नहीं कर पाते, क्योंकि वे इसे लेकर गंभीर नहीं होते।

अगर किसी व्यक्ति ने 40 की उम्र तक पर्याप्त सेविंग नहीं की है तो उसे अब देर नहीं करना चाहिए। हालांकि, यह सेविंग शुरू करने की सही उम्र नहीं है। हालांकि, कुछ चीजें आपके फेवर में हो सकती है। आपकी सैलरी 10 साल पहले के मुकाबले काफी ज्यादा होती है। आपके पास सेविंग्स के लिए सरप्लस पैसा होता है। अब भी आपके पास सेविंग्स के लिए 15 से 20 साल का समय बचा होता है।

यह भी पढ़ें : चीन में पढ़ने वाले इंडिया के 23000 मेडिकल स्टूडेंट्स का करियर खतरे में, सरकार से मांगी मदद


अगर आपने होम लोन लिया था तो वह करीब खत्म हो रहा होता है। 40 की उम्र में सेविंग्स शुरू करने वाला व्यक्ति अधिक रिटर्न पर ज्यादा फोकस करता है। लेकिन, अगर आप सेविंग शुरू कर रहे हैं तो आपको अधिक रिटर्न के मुकाबले ज्यादा सेविंग करने पर फोकस करना चाहिए।

सबसे पहले आपको इस बात पर भरोसा करना होगा कि बचे हुए 15-20 साल में शुरुआत कर भी अच्छी सेविंग की जा सकती है। सबसे पहले आपको अपने सरप्लस फंड का एक हिस्सा शेयरों में लगाना चाहिए। इसके लिए म्यूचुअल फंडों की मदद ली जा सकती है। एक या दो लार्ज-कैप इंडेक्स फंड का चुनाव किया जा सकता है। अगर आप एक फंड को सेलेक्ट कर रहे हैं तो आप निफ्टी आधारित या सेंसेक्स आधारित फंड में निवेश शुरू कर सकते हैं।

आप एक प्योर मिडकैप फंड, इंटरनेशनल फंड और थोड़ा पैसा गोल्ड में लगा सकते हैं। लेकिन, शुरुआत में यह बहुत ज्यादा जरूरी नहीं है। यह बाद में भी किया जा सकता है। आपको समय-समय पर अपने इनवेस्टमेंट को बढ़ाते रहना होगा। आपकी इनकम हर साल बढ़ेगी। फिर आपको अपने निवेश को क्यों नहीं बढ़ाना चाहिए? आप हर साल अपने सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए होने वाले निवेश को थोड़ा-थोड़ा बढ़ा सकते हैं।

आपको हर महीने इनवेस्ट करने के अलावा अपने बोनस, इनसेंटिव और इस तरह के दूसरे फंड का भी निवेश करना होगा। इसके लिए आपको अपने खर्च को थोड़ा कंट्रोल करना पड़ सकता है। लेकिन, देर से सेविंग शुरू करने वालों के लिए ऐसा करना जरूरी है। आप चाहें तो किसी फाइनेंशियल एडवाइजर की मदद ले सकते हैं। जब आपकी उम्र 20 प्लस या 30 प्लस होती है तो डायरेक्ट इनवेस्ट करना ठीक है। लेकिन देर से सेविंग शुरू करने पर आप एक्सपेरिमेंट नहीं कर सकते।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।