HCL Technologies: एचसीएल टेक्नोलॉजीज (HCL Technologies) देश के सबसे बड़े आईटी सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों में से एक है। पिछले कुछ सालों से कंपनी IoT-बेस्ड सेंसर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेवलपमेंट में अच्छा परफॉर्म कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फाइनेंशियल ईयर 2023 में कंपनी ने शानदार रिजल्ट दिखाएं हैं और 1 लाख करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमाया। कंपनी के सीईओ और एमडी सी विजयकुमार की परफॉर्मेंस को सभी ने सराहा है। यही कारण है कि वह देश में सबसे ज्यादा वेतन पाने CEO बन गए हैं।
मिल रहा है सबसे ज्यादा वेतन
सी विजयकुमार देश में सबसे अधिक वेतन पाने वाले सीईओ में से एक हैं। एचसीएल के संस्थापक शिव नादर के पद छोड़ने के फैसले के बाद वह कंपनी में एमडी के रूप में शामिल हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक 2022 में उनकी कुल कमाई करीब 131.08 करोड़ रुपये रही। उन्होंने बेसिक वेतन के रूप में लगभग 2 मिलियन अमेरिकी डॉलर और वेरिएबल पे के तौर पर लगभग 2 मिलियन अमेरिकी डॉलर कमाए। वह देश में सबसे अधिक वेतन पाने वाले अधिकारियों यानी सीईओ में से एक रहे हैं।
भारत की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक में इतने ऊंचे पद पर रहते हुए, वह एक साधारण बैकग्राउंड से आए हैं। वह किसी भी IIT या IIM का हिस्सा नहीं रहे हैं लेकिन फिर भी उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और ज्ञान के माध्यम से अपनी प्रतिभा साबित की है। सी विजयकुमार का जन्म तमिलनाडु में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा लवडेल, ऊटी में लॉरेंस स्कूल से पूरी की। अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने इलेकट्रॉनिक में इंजीनियरिंग पीएसजी कॉलेज से की। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह 1994 में एचसीएल में शामिल हुए और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में पूरी तरह से ऑटोमेटेड नेटवर्क डिजाइन बनाने वाली कोर टीम के सदस्य भी रहे।
एचसीएल के सीईओ बनने से पहले वह एचसीएल की इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विस यूनिट को हेड कर रहे थे। वह एचसीएल कॉमनेट फाउंडिंग टीम के सदस्य भी थे, जो वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम के आईटी गवर्नर कम्यूनिटी समुदाय से संबंधित हैं। वह यूएस-इंडिया बिजनेस काउंसिल के बोर्ड सदस्य के रूप में भी कार्य करते हैं। सी विजयकुमार उन योजनाओं का हिस्सा रहे हैं जो इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की देखभाल करती थीं। साल 2020 में उन्हें एचसीएल का सीईओ बनाया गया। वह कंपनी की के ऑपरेशन की जरूरतों के कारण अमेरिका के न्यू जर्सी शहर में रहते हैं।