HDFC बैंक ने लॉन्च किए डिजिटल रुपये के 5 नए फीचर्स, जानिए आपको क्या-क्या होगा फायदा

HDFC Bank Digital Rupee New Features: क्या आप जानते हैं कि अब आप फ्लाइट में बिना इंटरनेट के भी अपने फोन से पेमेंट कर सकेंगे? एचडीएफसी बैंक ने रिजर्व बैंक के 'डिजिटल रुपये' को लेकर 5 क्रांतिकारी फीचर्स पेश किए हैं। क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड्स को डिजिटल करेंसी में बदलने से लेकर BHIM ऐप इंटीग्रेशन और कंपनियों के अलाउंस तक, जानिए कैसे बदलने वाला है आपके ऑनलाइन पेमेंट का तरीका

अपडेटेड Sep 24, 2026 पर 3:46 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बैंक अब ग्राहकों को प्रमोशनल ऑफर या अवॉर्ड के रूप में डिजिटल रुपये के 'गिफ्ट वाउचर' देगा

HDFC Bank Digital Rupee: देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की डिजिटल करेंसी यानी 'डिजिटल रुपये' (CBDC) को लेकर बड़ा दांव खेला है। बैंक ने बुधवार, 24 सितंबर को डिजिटल रुपये के इस्तेमाल को बेहद आसान और व्यावहारिक बनाने के लिए 5 नए शानदार यूज-केसेज लॉन्च किए हैं।

इन नए फीचर्स की मदद से अब ग्राहक फ्लाइट में बिना इंटरनेट के खाना-पीना खरीदने से लेकर अपने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स को डिजिटल रुपये में बदलकर रोजाना के खर्चों में इस्तेमाल कर सकेंगे।

आइए आपको बताते हैं एचडीएफसी बैंक के इन 5 नए फीचर्स का पूरा गणित और इससे आम ग्राहकों व कंपनियों को होने वाले फायदे:


फ्लाइट में बिना इंटरनेट पेमेंट

अक्सर फ्लाइट में सफर के दौरान इंटरनेट न होने की वजह से ऑनलाइन पेमेंट करना मुमकिन नहीं होता। एचडीएफसी बैंक ने इसी समस्या का समाधान निकाला है। अब यात्री HDFC बैंक की मर्चेंट पीओएस (PoS) मशीनों पर अपने फोन को सिर्फ टैप करके खाने-पीने का सामान, स्नैक्स या सीट अपग्रेड का पेमेंट कर सकेंगे। इसके लिए इंटरनेट या नेटवर्क कनेक्टिविटी की कोई जरूरत नहीं होगी।

क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट्स अब बनेंगे 'डिजिटल रुपया'

अक्सर ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड में पड़े रिवॉर्ड पॉइंट्स का सही इस्तेमाल नहीं हो पाता।एचडीएफसी बैंक के ग्राहक अब अपने क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट्स को सीधे 'डिजिटल रुपये' में रिडीम करा सकेंगे। इस डिजिटल करेंसी का इस्तेमाल वे रोजमर्रा की जरूरतों जैसे रेस्तरां में खाना खाने, पेट्रोल भरवाने, कपड़े या इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने में कर पाएंगे।

डिजिटल रुपये के गिफ्ट वाउचर

बैंक अब ग्राहकों को प्रमोशनल ऑफर या अवॉर्ड के रूप में डिजिटल रुपये के 'गिफ्ट वाउचर' देगा। यह वाउचर सीधे ग्राहक के HDFC बैंक डिजिटल रुपये वॉलेट में जमा हो जाएगा। ग्राहक किसी भी दुकान पर जाकर सामान्य UPI QR Code को स्कैन करके इस पैसे से खरीदारी कर सकेंगे।

कंपनियों के लिए प्रोग्रामेबल अलाउंस

कंपनियों के लिए कर्मचारियों को दिए जाने वाले भत्तों और रीइम्बर्समेंट को मैनेज करना आसान हो जाएगा। कंपनियां अपने नेट-बैंकिंग प्लेटफॉर्म से कर्मचारियों को पेट्रोल, भोजन या यात्रा भत्ता डिजिटल रुपये में भेज सकेंगी। बैंक के मुताबिक, इन भुगताओं को 'प्रोग्राम' किया जा सकता है। यानी जिस काम के लिए पैसा दिया गया है (जैसे- सिर्फ फ्यूल या खाना), कर्मचारी उसे उसी कैटेगरी में खर्च कर पाएंगे।

BHIM App के साथ इंटीग्रेशन

डिजिटल रुपये को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए एचडीएफसी बैंक ने अपने ई-रुपया वॉलेट को BHIM ऐप के साथ जोड़ दिया है। अब ग्राहक सीधे भीम ऐप का इस्तेमाल करके भी अपने डिजिटल रुपये वाले वॉलेट से लेन-देन कर सकते हैं।

क्या है डिजिटल रुपया (CBDC)?

डिजिटल रुपया भारत का आधिकारिक सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) है, जिसे रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) द्वारा जारी किया जाता है। यह ठीक आपके हाथ में मौजूद कागजी नोट की तरह ही लीगल टेंडर है, बस यह डिजिटल रूप में आपके मोबाइल वॉलेट में रहता है। RBI ने 2022 में इसके रिटेल और होलसेल पायलट प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की थी।

बैंक अधिकारियों ने क्या कहा?

एचडीएफसी बैंक के ब्रांच बैंकिंग व पेमेंट्स प्रमुख आशीष पार्थसारथी ने कहा, 'डिजिटल रुपया सरकारी या संप्रभु मुद्रा के भरोसे के साथ-साथ प्रोग्रामेबिलिटी, पारदर्शिता और बेहतर नियंत्रण की सुविधा देता है।'

वहीं, बैंक के सीनियर ईवपी रजनीश प्रभु ने बताया कि ये नए यूज-केसेज आम ग्राहकों के रिवॉर्ड्स, कॉर्पोरेट बेनिफिट्स और ऑफलाइन पेमेंट के अनुभव को पूरी तरह बदल देंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।