HDFC का होम लोन हुआ महंगा, ब्याज दरों में 0.50% की बढ़ोतरी, ग्राहकों को देनी पड़ेगी अधिक EMI

होम लोन देने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी हाउसिंग डिवेलपमेंट एंड फाइनेंस कॉरपोरेशन (HDFC) ने गुरुवार को अपनी होम लोन की दरें बढ़ाने का ऐलान किया

अपडेटेड Jun 09, 2022 पर 11:00 PM
HDFC ने होम लोन के रिटेल प्राइम लेंडिंग रेट में की 0.50% की बढ़ोतरी

होम लोन देने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी हाउसिंग डिवेलपमेंट एंड फाइनेंस कॉरपोरेशन (HDFC) ने गुरुवार को अपनी होम लोन की दरें बढ़ाने का ऐलान किया। HDFC ने बताया कि उसने होम लोन के लिए अपनी रिटेल प्राइम लेंडिंग रेट (RPLR) में 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी की है। होम लोन दरों में यह बढ़ोतरी 10 जून 2022 से लागू हो जाएगी।

यह पिछले एक महीने में चौथा मौका है, जब HDFC ने होम लोन की दरों में इजाफा किया है। इससे पहले उसने 1 जून को भी होम लोन दरों में 0.05 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। इससे पहले कंपनी ने 9 जून को 0.30 फीसदी और 2 मई को 0.05 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। HDFC की होम लोन पर ब्याज दरें 7.55 फीसद से शुरू होती हैं।

बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक के बुधवार को रेपो रेट में 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद वित्तीय संस्थानों ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू किया है। पब्लिक सेक्टर के बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने भी गुरुवार को अपने रेपो रेट आधारित ब्याज दरों को 0.50 फीसदी बढ़ाने का ऐलान किया है।


यह भी पढ़ें- Oil India के शेयरों ने दिया मल्टीबैगर रिटर्न, 1 साल में आई 111% से अधिक की तेजी, जानिए अब क्या करें निवेशक?

इंडियन ओवरसीज बैंक ने शेयर बाजार को भेजी एक सूचना में बताया, "बैंक ने रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) बढ़ाकर 7.75 प्रतिशत कर दी है। यह बढ़ोतरी 10 जून 2022 से लागू होगी।" इससे पहले, बुधवार को पब्लिक सेक्टर के तीन बैंकों- पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक और बैंक ऑफ इंडिया (BoI) ने रेपो आधारित ब्याज दर आधा प्रतिशत बढ़ा दी थी।

लोन रेट के अलावा कोटक महिंद्रा बैंक और ICICI बैंक सहित बैंकों ने अपने फिक्स्ड डिपॉजिट के भी रेट बढ़ाए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।