HDFC म्यूचुअल फंड ने अपने गोल्ड ETF और गोल्ड ETF फंड ऑफ फंड (FoF) में लंपसम इन्वेस्टमेंट यानी एकमुश्त निवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है। फंड हाउस का कहना है कि मौजूदा आर्थिक और बाजार हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। यह पाबंदी अगले आदेश तक जारी रहेगी।
बड़े निवेशकों पर लागू होगा नया नियम
HDFC Gold ETF में बड़े निवेशकों द्वारा सीधे फंड हाउस के माध्यम से किए जाने वाले सब्सक्रिप्शन 8 जून 2026 से स्वीकार नहीं किए जाएंगे। यह नियम उन निवेशकों पर लागू होगा जो 25 करोड़ रुपये या उससे अधिक का निवेश करना चाहते हैं।
Gold ETF FoF में 10 लाख रुपये की सीमा
HDFC Gold ETF Fund of Fund में निवेश करने वालों के लिए भी नई सीमा तय की गई है। अब इस योजना में खरीद और स्विच-इन ट्रांजैक्शन प्रति PAN प्रति कैलेंडर माह अधिकतम 10 लाख रुपये तक ही स्वीकार किए जाएंगे। यह सीमा पहले होल्डर के स्तर पर लागू होगी।
फंड हाउस के मुताबिक यह नियम 5 जून 2026 को दोपहर 3 बजे के कट-ऑफ समय के बाद मिलने वाले सभी ट्रांजैक्शनों पर लागू होगा।
बाकी नियमों में कोई बदलाव नहीं
HDFC म्यूचुअल फंड ने साफ किया है कि इन दोनों योजनाओं की अन्य सभी शर्तें और नियम पहले की तरह ही बने रहेंगे। केवल लंपसम निवेश से जुड़े नियमों में बदलाव किया गया है।
सोने और चांदी के आयात पर बढ़ा टैक्स
यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब केंद्र सरकार ने 13 मई 2026 से सोने और चांदी के आयात पर लगने वाला प्रभावी टैक्स 9.2 प्रतिशत से बढ़ाकर 18.4 प्रतिशत कर दिया है। टैक्स बढ़ने के बाद से सोने के बाजार में भी हलचल देखी जा रही है।
सोने की कीमतों में तेजी, चांदी हुई सस्ती
ग्लोबल मार्केट में मजबूती के चलते गुरुवार को दिल्ली में सोने की कीमत में 700 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,60,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में इसकी कीमत 1,59,600 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
दूसरी ओर चांदी की कीमत में तेज गिरावट देखने को मिली। चांदी 3,800 रुपये सस्ती होकर 2,65,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इससे पहले पिछले सत्र में इसका भाव 2,69,500 रुपये प्रति किलोग्राम था।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।