PPF या SIP? किसमें करें निवेश की मिलें ज्यादा रिटर्न, हर महीने सिर्फ ₹2000 बचाकर ऐसे बना सकते है ₹1.3 करोड़ का फंड
PPF vs Mutual Fund SIP: कंपाउंडिंग की सबसे खास बात यह है कि शुरुआती सालों में पीपीएफ और एसआईपी के बीच का अंतर बहुत मामूली या न के बराबर दिखेगा। लेकिन जैसे-जैसे आपका कुल फंड बड़ा होता जाता है, कंपाउंडिंग की ताकत आखरी सालों में बहुत तेजी से काम करती है
कैलकुलेशन के जरिए समझिए कि हर महीने सिर्फ ₹2000 बचाकर आप भविष्य में आप करोड़पति कैसे बन सकते हैं
PPF vs Mutual Fund SIP: निवेश की दुनिया में कदम रखने वाले ज्यादातर नए निवेशकों के सामने अक्सर दो सबसे लोकप्रिय विकल्प आते हैं- पहला, सरकारी सुरक्षा वाला पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) और दूसरा, बाजार के उतार-चढ़ाव के साथ मोटा रिटर्न देने वाला म्यूचुअल फंड एसआईपी (SIP)। ये दोनों ही ऑप्शन निवेशकों में अनुशासन लाते हैं और दोनों में ही कंपाउंडिंग का जबरदस्त फायदा मिलता है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि पूरे 30 साल के लंबे सफर में मिलने वाले रिटर्न का मामूली सा अंतर आपके फाइनल फंड में जमीन-आसमान का अंतर पैदा कर सकता है? आइए आसान भाषा में कैलकुलेशन के जरिए समझते हैं कि कैसे हर महीने सिर्फ ₹2000 बचाकर आप भविष्य में आप करोड़पति कैसे बन सकते हैं।
ऑप्शन 1: PPF में ₹2000 महीना जमा करने पर क्या मिलेगा?
पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) भारत में सुरक्षित निवेश के लिए सबसे पसंदीदा माध्यम माना जाता है, क्योंकि इसमें सरकारी गारंटी, टैक्स बेनिफिट और फिक्स्ड रिटर्न मिलता है। फिलहाल PPF पर 7.1 प्रतिशत सालाना की दर से ब्याज मिल रहा है जिसकी सरकार हर तिमाही समीक्षा करती है। इसमें ब्याज की कंपाउंडिंग सालाना आधार पर होती है।
ये है 30 साल का गणित: अगर आप हर महीने ₹2000 पीपीएफ में डालते हैं, तो 30 सालों में आपका कुल निवेश ₹7.2 लाख होगा। 7.1% की अनुमानित सालाना ब्याज दर से 30 साल बाद आपका यह पैसा करीब ₹24 लाख से ₹25 लाख बन जाएगा।
PPF में निवेश का सबसे बड़ा फायदा ये है कि यहां आपका पैसा पूरी तरह सुरक्षित है, रिटर्न तय है और मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम मौजूदा नियमों के तहत पूरी तरह टैक्स-फ्री होती है।
ऑप्शन 2: Mutual Fund SIP में वही ₹2000 लगाने पर क्या होगा?
म्यूचुअल फंड एसआईपी (SIP) का सीधा संबंध शेयर बाजार के प्रदर्शन से होता है। यहां रिटर्न फिक्स नहीं होता और शॉर्ट-टर्म में उतार-चढ़ाव का डर भी रहता है, लेकिन लॉन्ग-टर्म में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स ने पारंपरिक फिक्स्ड-इनकम प्रोडक्ट्स की तुलना में कहीं बेहतर रिटर्न दिया है।
अगर आप हर महीने ₹2000 की यही रकम अगले 30 साल के लिए किसी डाइवर्सिफाइड इक्विटी म्यूचुअल फंड में एसआईपी के जरिए निवेश करते हैं, तो रिटर्न के हिसाब से आंकड़े पूरी तरह बदल जाते हैं:
12% रिटर्न: अगर आपकी SIP पर औसतन 12% का सालाना रिटर्न मिलता है, तो 30 साल बाद आपका फंड करीब ₹70 लाख हो सकता है।
15% रिटर्न: अगर किस्मत अच्छी रही और फंड ने लॉन्ग-टर्म में 15% का सालाना रिटर्न दे दिया, तो यही मामूली रकम बढ़कर ₹1.3 करोड़ के जादुई आंकड़े के पास पहुंच सकती है!
इन दोनों ही ऑप्शन में आपकी जेब से जाने वाली कुल रकम यानी कुल निवेश ₹7.2 लाख ही है। फाइनल फंड में जो लाखों-करोड़ों का अंतर आ रहा है, वह विशुद्ध रूप से लंबे समय में मिलने वाली हायर कंपाउंडिंग रेट की ताकत है।
शुरुआत में कछुए की चाल, अंत में रॉकेट बनता है पैसा!
कंपाउंडिंग की सबसे खास बात यह है कि शुरुआती सालों में पीपीएफ और एसआईपी के बीच का अंतर बहुत मामूली या न के बराबर दिखेगा। लेकिन जैसे-जैसे आपका कुल फंड बड़ा होता जाता है, कंपाउंडिंग की ताकत आखरी सालों में बहुत तेजी से काम करती है। 30 साल के इस सफर में जो सबसे ज्यादा वेल्थ क्रिएट होगी, वह सफर के आखिरी 10 सालों में दिखाई देती है। इसलिए निवेश में धैर्य रखना सबसे जरूरी है।
रिस्क का बड़ा अंतर, स्थिरता बनाम उतार-चढ़ाव
भले ही एसआईपी में करोड़पति बनने की क्षमता दिख रही हो, लेकिन इन दोनों की तुलना सीधे तौर पर नहीं की जा सकती क्योंकि दोनों में जोखिम का स्तर बिल्कुल अलग है:
PPF: सरकार के भरोसे सुरक्षित है, इसमें आपका पैसा कभी नहीं डूबेगा।
SIP: बाजार के अधीन है। हो सकता है कि किसी आर्थिक मंदी के दौर में आपका पोर्टफोलियो कुछ महीनों या सालों के लिए निगेटिव या कमजोर रिटर्न दिखाए। इसके लिए निवेशक को मानसिक रूप से मजबूत होना पड़ता है।
क्या हो निवेशकों की खास रणनीति?
फाइनेंशियल प्लानर्स का मानना है कि पीपीएफ और एसआईपी एक-दूसरे के दुश्मन नहीं, बल्कि दोस्त हैं। आज के समय में समझदार निवेशक दोनों का एक साथ इस्तेमाल करते हैं। PPF को अपने पोर्टफोलियो का वो हिस्सा बनाते हैं जो सुरक्षित रहे और इमरजेंसी या बुढ़ापे में काम आए। वहीं SIP के जरिए वे अपने भविष्य के बड़े लक्ष्यों जैसे- बच्चों की पढ़ाई, शादी या खुद का घर के लिए बड़ा फंड तैयार करते हैं।
आपका सही एसेट एलोकेशन आपकी उम्र, रिस्क लेने की क्षमता और आपके फाइनेंशियल गोल्स पर निर्भर करता है। लेकिन सबक साफ है अगर आपके पास 25 से 30 साल का समय है, तो आज की ₹2000 जैसी छोटी सी आदत भी आपको कल अमीर बना सकती है।