Ayushman Vay Vandana Card: ₹5 लाख तक का इलाज मुफ्त; जानिए कौन उठा सकता है लाभ, क्या है पूरा प्रोसेस

Ayushman Vay Vandana Card: सरकार 70 साल या इससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को सालाना ₹5 लाख तक का इलाज दे रही है। जानिए इसका कौन उठा सकता है और क्या है इसकी पूरी प्रक्रिया।

अपडेटेड May 27, 2025 पर 3:23 PM
Story continues below Advertisement
भारत में लगभग 6 करोड़ वरिष्ठ नागरिक ऐसे हैं, जिनकी आयु 70 साल या इससे अधिक है।

Ayushman Vay Vandana Card: केंद्र सरकार अक्टूबर 2024 में ‘आयुष्मान वय वंदना कार्ड’ लॉन्च किया था। इसके तहत 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को सालाना ₹5 लाख का कैशलेस इलाज मुफ्त मिलता है। चाहे उनकी आय कुछ भी हो या वे पहले से किसी बीमा योजना के पात्र हों या नहीं।

इस पहल को आयुष्मान भारत योजना के विस्तार के रूप में पेश किया गया था। यह स्कीम प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) के अंतर्गत आती है और इसे देश के बुजुर्ग नागरिकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। आइए जानते हैं कि कौन इस योजना का पात्र है और कैसे इसका लाभ उठाया जा सकता है।

कितने लोगों को मिलेगा लाभ?


भारत में लगभग 6 करोड़ वरिष्ठ नागरिक ऐसे हैं, जिनकी आयु 70 साल या इससे अधिक है। ये लगभग 4.5 करोड़ परिवारों का हिस्सा हैं। इन सभी लोगों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड का लाभ मिलेगा। उनकी उम्र की पुष्टि आधार कार्ड में दर्ज उम्र से की जाएगी। इसमें व्यक्ति की आर्थिक स्थिति का कोई विचार नहीं किया जाएगा।

कुल कवरेज हो जाएगा ₹10 लाख?

आयुष्मान वय वंदना कार्ड की सबसे खास बात यह है कि यह हर 70+ नागरिक के लिए खुली है। पहले की योजना (PM-JAY) की तरह इसमें आय सीमा या सामाजिक-आर्थिक स्थिति की कोई बाध्यता नहीं है। जिन लोगों को पहले से आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है, उनके लिए यह कार्ड एक टॉप-अप के रूप में काम करेगा, जिससे कुल कवरेज ₹10 लाख तक हो सकता है।

यह कार्ड अन्य सरकारी या निजी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं से जुड़े लोगों को भी मिलेगा, लेकिन उन्हें मौजूदा लाभ या इस योजना में से किसी एक को चुनना होगा।

इलाज की व्यापक कवरेज

यह योजना 27 स्पेशलिटी समेत 1,961 मेडिकल प्रोसीजर को कवर करती है। इसकी सबसे अच्छी बात है कि इसमें पहले से मौजूद बीमारियों को भी पहले दिन से कवर करने का प्रावधान है। यह आम इंश्योरेंस जैसा नहीं है, जिसमें कुछ खास बीमारियों के वेटिंग पीरियड होता है। इलाज के लिए देशभर के 30,072 सूचीबद्ध अस्पताल में कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। इसमें 13,352 निजी अस्पताल भी शामिल हैं।

कवर की जाने वाली प्रमुख सेवाएं:

  • हीमोडायलिसिस और परिटोनियल डायलिसिस
  • घुटने और कुल्हे की रिप्लेसमेंट सर्जरी
  • हृदय रोग का उपचार जैसे पीटीसीए और पेसमेकर
  • कैंसर और स्ट्रोक का इलाज
  • जटिल हड्डी और न्यूरो सर्जरी

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन और कार्ड डाउनलोड

सरकार ने इसके लिए 'Ayushman App' जारी किया है, जिसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। रजिस्ट्रेशन का पूरा प्रोसेस डिजिटल है। इसे आप नीचे दिए गए स्टेप्स की मदद से पूरा कर सकते हैं:

  • गूगल प्ले स्टोर से 'Ayushman App' डाउनलोड करें।
  • ‘Login as beneficiary’ या ‘operator’ विकल्प चुनें।
  • कैप्चा, मोबाइल नंबर और ऑथेंटिकेशन मोड दर्ज करें।
  • OTP से लॉगिन करें, ऐप को लोकेशन एक्सेस की अनुमति दें।
  • लाभार्थी के राज्य और आधार से जुड़ी जानकारी भरें।
  • अगर नाम नहीं मिलता तो eKYC प्रोसेस पूरा करें।
  • घोषणा पत्र भरें, सभी जरूरी जानकारी दें।
  • PIN कोड और कैटेगरी भरें, चाहें तो परिवार के सदस्य जोड़ सकते हैं।

सफल वेरिफिकेशन के बाद आपका Ayushman Vay Vandana Card डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो जाएगा। इसकी मदद से आप लिस्टेड अस्पातल में 5 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त में करा सकते हैं।

यह भी पढ़ें : Life Insurance Claim: डेथ के बाद इंश्योरेंस क्लेम पर टैक्स लगता है या नहीं? क्या कहते हैं नियम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।