आधार कार्ड भारतीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसकी जरूरत हर सरकारी काम में पड़ती है। यही वजह है कि धोखाधड़ी करने वाले लोग फर्जी आधार कार्ड बनाकर भोले-भाले नागरिकों को निशाना बनाते हैं। कई बार ये फर्जी कार्ड आपके आसपास के लोग मकान किराये पर लेने वाले, नौकर या फिर कोई उधारी मांगने वाला भी पेश कर सकता है। ऐसे में आम लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती थीं कि असली और नकली आधार में फर्क कैसे करें।
कैसे पहचानें असली-नकली आधार
इन सारी समस्या का हल UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) ने एक नए Aadhaar App के जरिए निकाला है। यह ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों के ऐप स्टोर पर उपलब्ध है और पुराने mAadhaar ऐप से अलग है। ऐप में कई खास और सुरक्षा से जुड़े फीचर्स दिए गए हैं। अब आप आसानी से किसी भी आधार कार्ड की प्रामाणिकता जांच सकते हैं, बस QR कोड स्कैन करते ही सारी असली डिटेल्स आपके सामने होंगी।
सबसे पहले आपको ऐप डाउनलोड करना होगा। ओपन करते ही नीचे दो मुख्य विकल्प मिलेंगे, जिनमें से ‘Scan QR’ ऑप्शन चुनिए। अपने मोबाइल से आधार कार्ड पर छपे क्यूआर कोड को स्कैन करें। कुछ ही सेकेंड में कार्डधारक की असली और सुरक्षित जानकारी ऐप में दिख जाएगी। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप तुरन्त पहचान सकते हैं कि आधार कार्ड असली है या नकली।
नया Aadhaar App न केवल फर्जीवाड़ा रोकने में मददगार है, बल्कि अपनी जानकारियों की प्राइवेसी बरकरार रखने के लिहाज से भी बेहतरीन है। ऐप के जरिए आप आधार नंबर, जन्मतिथि जैसी डिटेल्स को हाइड कर सकते हैं। इतना ही नहीं, आधार शेयर करने से पहले भी चुनिंदा सूचनाएं छिपा सकते हैं। यूजर्स के बायोमैट्रिक्स डेटा की सुरक्षा के लिए लॉक और अनलॉक का नया विकल्प दिया गया है। इसके जरिये आप अपनी पहचान संबंधी जानकारी को और भी ज्यादा सिक्योर बना सकते हैं, साथ ही बायोमेट्रिक हिस्ट्री भी चेक कर सकते हैं।
न्यू Aadhaar App आम जनता के लिए एक भरोसेमंद और सुरक्षित विकल्प है, जिसके जरिए न केवल व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा होगी, बल्कि फर्जीवाड़े की घटनाओं पर भी लगाम लगेगी। UIDAI की यह पहल आधार कार्ड की विश्वसनीयता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों की डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करती है।