अगर आपके पास ऐसा कैश, सोना या निवेश है, जिसे आपने अपने ITR यानी इनकम टैक्स रिटर्न में नहीं दिखाया है, तो सावधान रहने की जरूरत है। खासकर तब, जब उस पैसे या संपत्ति के स्रोत का कोई भरोसेमंद सबूत आपके पास न हो।
अगर आपके पास ऐसा कैश, सोना या निवेश है, जिसे आपने अपने ITR यानी इनकम टैक्स रिटर्न में नहीं दिखाया है, तो सावधान रहने की जरूरत है। खासकर तब, जब उस पैसे या संपत्ति के स्रोत का कोई भरोसेमंद सबूत आपके पास न हो।
ऐसी स्थिति में इनकम टैक्स विभाग उस रकम को अघोषित आय मान सकता है। फिर उस पर 78 प्रतिशत से लेकर करीब 86 प्रतिशत तक टैक्स और पेनाल्टी लग सकती है।
कौन सा नियम लागू होता है
इनकम टैक्स एक्ट की धारा 115BBE ऐसे मामलों पर लागू होती है। यह नियम उन पैसों, निवेश, सोने, ज्वेलरी या खर्च पर लागू होता है, जिनका सही स्रोत नहीं बताया गया हो। इसमें धारा 68, 69, 69A, 69B, 69C और 69D जैसी धाराएं शामिल हैं। ये अघोषित कैश, निवेश, ज्वेलरी, खर्च और हुंडी लेनदेन से जुड़ी हैं।
अगर टैक्स विभाग को आपके पास अघोषित आय मिलती है, तो उस पर सीधे 60 प्रतिशत टैक्स लगाया जाता है। इसके ऊपर 25 प्रतिशत सरचार्ज और फिर 4 प्रतिशत सेस भी देना पड़ता है। कुल मिलाकर टैक्स करीब 78 प्रतिशत तक पहुंच जाता है।
1 करोड़ की अघोषित आय पर कितना टैक्स
मान लीजिए किसी व्यक्ति के पास 1 करोड़ रुपये की अघोषित आय पाई जाती है। अगर वह उस पैसे का स्रोत साबित कर देता है, तब भी उसे करीब 78 लाख रुपये टैक्स के रूप में देने पड़ सकते हैं।
लेकिन अगर वह यह नहीं बता पाता कि पैसा कहां से आया, तो धारा 271AAC के तहत 10 प्रतिशत अतिरिक्त पेनाल्टी भी लग जाती है। ऐसे में कुल टैक्स और जुर्माना बढ़कर करीब 85.8 लाख रुपये तक पहुंच सकता है।
घर में कितना कैश रख सकते हैं
कानून के मुताबिक घर में कैश रखने की कोई तय सीमा नहीं है। यानी आप जितना चाहें उतना कैश रख सकते हैं। लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि उस पैसे का स्रोत कानूनी और साबित करने योग्य होना चाहिए।
अगर घर में रखा कैश ITR में नहीं दिखाया गया है, अकाउंट बुक में दर्ज नहीं है और उसके स्रोत का कोई सबूत नहीं है, तो टैक्स विभाग पूरी रकम को अघोषित आय मान सकता है।
कितना सोना रखने की छूट है
सोने के मामले में लोगों को थोड़ी राहत दी गई है, क्योंकि भारत में सोना पीढ़ियों से परिवारों में चलता आ रहा है। नियमों के मुताबिक शादीशुदा महिला 500 ग्राम तक, अविवाहित महिला 250 ग्राम तक और पुरुष 100 ग्राम तक सोना बिना स्रोत बताए रख सकते हैं। इस सीमा तक टैक्स विभाग सोना जब्त नहीं कर सकता।
हालांकि अगर आपके पास इससे ज्यादा सोना है और आप यह साबित कर देते हैं कि वह कानूनी आय से खरीदा गया है, तो कोई समस्या नहीं होगी।
क्या पेनल्टी से बचने का मौका मिलता है
सरकार ने Updated ITR भरने का विकल्प दिया है। अब रीअसेसमेंट नोटिस मिलने के बाद भी लोग अपडेटेड रिटर्न दाखिल कर सकते हैं।
अगर कोई व्यक्ति अपनी अघोषित आय का सही स्रोत बताकर updated ITR भर देता है, तो कई मामलों में भारी पेनाल्टी से बच सकता है। हालांकि धारा 115BBE के तहत लगने वाले इस पेनाल्टी टैक्स पर किसी तरह की डिडक्शन या छूट नहीं मिलती।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।