Indian Railway: आज 26 दिसंबर से ट्रेन का सफर हुआ महंगा, जानिये आम यात्रियों पर कितना पड़ेगा असर?

Indian Railway Fare Hike: आज से आम लोगों के लिए रेलवे का सफर महंगा हो गया है। रेलवे ने पैसेंजर किराए में बढ़ोतरी का ऐलान किया था जो आज 26 दिसंबर से लागू हो गया है। यह साल 2025 में दूसरी बार किराया बढ़ाया गया है

अपडेटेड Dec 26, 2025 पर 11:23 AM
Story continues below Advertisement
Indian Railway: भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए एक अहम फैसला लिया है।

Indian Railway Fare Hike: आज से आम लोगों के लिए रेलवे का सफर महंगा हो गया है। रेलवे ने पैसेंजर किराए में बढ़ोतरी का ऐलान किया था जो आज 26 दिसंबर से लागू हो गया है। यह साल 2025 में दूसरी बार किराया बढ़ाया गया है। इससे पहले जुलाई में भी टिकट के दाम बढ़े थे। हालांकि राहत की बात यह है कि जिन यात्रियों ने 26 दिसंबर से पहले टिकट बुक कर लिए हैं, उनसे पुराना किराया ही लिया जाएगा, चाहे उनकी यात्रा बाद की तारीख में क्यों न हो।

कितना महंगा होगा सफर?

अब 215 किलोमीटर से ज्यादा की सेकंड क्लास ऑर्डिनरी यात्रा पर अब प्रति किलोमीटर 1 पैसा ज्यादा देना होगा। वहीं मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी क्लास और सभी ट्रेनों की एसी क्लास में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। रेलवे का कहना है कि यह बढ़ोतरी बेहद मामूली है, ताकि यात्रियों की जेब पर ज्यादा असर न पड़े।


आम यात्रियों को क्यों देना होगा ज्यादा पैसा?

रेल मंत्रालय के मुताबिक रेलवे के ऑपरेशन, मेंटेनेंस और सुरक्षा से जुड़े खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। ट्रैक, कोच और सिग्नल सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए ज्यादा निवेश की जरूरत है। ऐसे में किराए में थोड़ा इजाफा करके रेलवे यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा बनाए रखना चाहता है।

किन यात्रियों को राहत मिलेगी?

रेलवे ने साफ किया है कि सबअर्बन ट्रेनों और सीजन टिकट के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा 215 किलोमीटर तक की सेकंड क्लास ऑर्डिनरी यात्रा भी पूरी तरह किराया बढ़ोतरी से बाहर रखी गई है। यानी रोजाना लोकल ट्रेन से सफर करने वाले और कम दूरी के यात्रियों को कोई अतिरिक्त बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।

सेकंड क्लास यात्रियों को कितना ज्यादा देना होगा?

215 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा पर सेकंड क्लास यात्रियों के लिए अलग-अलग स्लैब तय किए गए हैं।

216 से 750 किमी तक सफर करने पर 5 रुपये,

751 से 1,250 किमी पर 10 रुपये,

1,251 से 1,750 किमी पर 15 रुपये और

1,751 से 2,250 किमी की यात्रा पर 20 रुपये ज्यादा देने होंगे।

मेल-एक्सप्रेस और एसी क्लास का क्या होगा?

मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की स्लीपर, एसी और फर्स्ट क्लास में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी होगी। रेलवे के मुताबिक 500 किलोमीटर की यात्रा पर यात्रियों को औसतन सिर्फ 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।

किन ट्रेनों पर लागू होगी नई दर?

यह बढ़ोतरी राजधनी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जनशताब्दी और अन्य प्रमुख ट्रेनों पर लागू होगी। रेलवे ने भरोसा दिलाया है कि यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती सफर देना उसकी प्राथमिकता बनी रहेगी।

Silver Price Today: चांदी में जारी है लगातार तेजी, जानिये शुक्रवार 26 दिसंबर का सिल्वर रेट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।